Thursday, March 26, 2026

खेलो झारखंड के तहत राज्यस्तरीय अंडर-19 स्कूली क्रिकेट चयन प्रक्रिया में सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया.

Share

रांचीः झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची के तत्वावधान में खेलो झारखंड कार्यक्रम अंतर्गत राज्यस्तरीय अंडर-19 बालक और बालिका स्कूली क्रिकेट की खुली चयन प्रक्रिया बुधवार को रांची के साऊथ रेलवे कॉलोनी मैदान, चुटिया में संपन्न हुई. यह आयोजन स्कूली शिक्षा साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के द्वारा किया गया था. जिसका उद्देश्य विद्यालय स्तर से खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करना है.

इस चयन प्रक्रिया में झारखंड के विभिन्न जिलों से कुल 325 क्रिकेट खिलाड़ियों ने भाग लिया. इनमें 258 बालक और 67 बालिका खिलाड़ी शामिल थे. सुबह से शुरू हुई चयन प्रक्रिया देर शाम तक चली. जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे जोश, उत्साह और खेल भावना के साथ अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने की कोशिश की. मैदान पर खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता और मेहनत देखते ही बन रही थी.

मैदान पर उपस्थित चयन समिति के सदस्यों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया. खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि झारखंड के गांवों और कस्बों में क्रिकेट की गहरी जड़ें हैं. कई युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से दर्शाया कि यदि उन्हें सही प्रशिक्षण और अवसर मिले, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं.

कार्यक्रम पदाधिकारी ने दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के ट्रायल में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने जिस जोश और कौशल का प्रदर्शन किया है, वह वास्तव में सराहनीय है. खेलो झारखंड कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान करना है जो भविष्य में राज्य ही नहीं, देश का भी नाम रोशन करें

उन्होंने आगे बताया कि चयन प्रक्रिया के बाद 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा. जिसमें चयनित खिलाड़ियों को विशेषज्ञ कोचों द्वारा उन्नत स्तर का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इस शिविर में खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें.

प्रशिक्षण शिविर समाप्त होने के बाद अंतिम झारखंड राज्य अंडर-19 क्रिकेट टीम का गठन किया जाएगा. यह टीम आगामी राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता (SGFI) में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी. अंडर-19 बालक वर्ग की प्रतियोगिता 5 से 9 दिसंबर 2025 तक रोहतक (हरियाणा) में आयोजित की जाएगी, जबकि अंडर-19 बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 1 से 6 जनवरी 2026 तक मध्य प्रदेश में आयोजित होगी.

State Level Under 19 School Cricket

खेलो झारखंड अभियान राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य विद्यालय स्तर से खेल संस्कृति को मजबूत करना और नई खेल प्रतिभाओं को तैयार करना है. इस कार्यक्रम के माध्यम से खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है. राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित हो रही चयन प्रक्रिया न केवल खेल प्रतिभाओं की पहचान का माध्यम बन रही हैं, बल्कि ग्रामीण और शहरी इलाकों के बच्चों में खेल के प्रति नई चेतना भी जगा रही है.

खेल विशेषज्ञों का कहना है कि खेलो झारखंड जैसी पहल राज्य के खिलाड़ियों के लिए करियर की नई राहें खोल रही हैं. झारखंड से पहले भी क्रिकेट के क्षेत्र में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं और अब इस कार्यक्रम से नई पीढ़ी को भी वही अवसर मिल रहे हैं.

चयन प्रक्रिया के समापन के बाद अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. पूरे आयोजन के दौरान बच्चों के चेहरे पर उत्साह और सपनों की चमक झलक रही थी. झारखंड के ये उभरते क्रिकेटर अब राष्ट्रीय मंच पर राज्य का परचम लहराने को तैयार हैं.

State Level Under 19 School Cricket

Read more

Local News