रांची: छत्तीसगढ़ में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड की महिला फुटबॉल टीम ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की. पहले ही लीग मुकाबले में टीम ने सिक्किम को एकतरफा मुकाबले में 11-0 से करारी शिकस्त देकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी.
मैच की शुरुआत से ही झारखंड की टीम पूरी तरह हावी रही. 9वें मिनट में सबरनी कुमारी ने पहला गोल कर खाता खोला, जिसके तुरंत बाद 10वें मिनट में काजल कुमारी ने बढ़त दोगुनी कर दी. पहले हाफ में ही एलिजाबेथ एक्का, अनीता डुंगडुंग और अलिना किस्कू ने गोल दागकर स्कोर 6-0 कर दिया. दूसरे हाफ में भी झारखंड की आक्रामकता बरकरार रही और टीम ने लगातार गोल करते हुए मुकाबले को 11-0 पर समाप्त किया.
अनीता डुंगडुंग ने हैट्रिक जमाई, जबकि सबरनी कुमारी और एलिजाबेथ एक्का ने दो-दो गोल किए. इस जीत में कोच बीना केरकेट्टा और नूपुर टोप्पो की रणनीति और टीम मैनेजर अजय सुभाष तिर्की की भूमिका अहम रही. इस जीत से टीम का मनोबल ऊंचा है और आगामी मुकाबलों के लिए आत्मविश्वास भी बढ़ा है. प्रतियोगिता में झारखंड के 100 से अधिक खिलाड़ी एथलेटिक्स, हॉकी, तीरंदाजी, तैराकी, कुश्ती और भारोत्तोलन में पदक के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं.
इनडोर नेशनल अंडर-20 एथलेटिक्स: दीपक मुंडा ने लंबीकूद में जीता रजत पदक
ओडिशा के कलिंगा स्टेडियम में आयोजित पहली इनडोर नेशनल अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड के एथलीट दीपक मुंडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लंबीकूद स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया. रांची के जेएसएसपीएस के प्रशिक्षु दीपक ने 6.70 मीटर की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया.
इस स्पर्धा में मध्यप्रदेश के हरि ओम यादव ने 6.92 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उत्तर प्रदेश के अश्मित यादव 6.52 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे. दीपक मुंडा की इस उपलब्धि पर राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आरिफ इकराम सहित झारखंड एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी.
संघ के चेयरमैन डॉ. मधुकांत पाठक, अध्यक्ष सीडी सिंह और सचिव एसके पांडे समेत कई खेल पदाधिकारियों ने इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया और उम्मीद जताई कि दीपक भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे.
सेपक टकरा सब जूनियर नेशनल: रेगु वर्ग के पदक विजेता खिलाड़ी सम्मानित
28वीं सब जूनियर नेशनल सेपक टकरा प्रतियोगिता के तहत रेगु वर्ग के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में स्थान हासिल किया. बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि नागालैंड को रजत और मणिपुर व बिहार को कांस्य पदक मिला. वहीं बालिका वर्ग में मणिपुर ने स्वर्ण, केरल ने रजत तथा महाराष्ट्र और असम ने कांस्य पदक अपने नाम किए.
इस अवसर पर मौजूद अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम में आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल अभय कुमार सिंह, मनरखन बीएड कॉलेज के प्रिंसिपल दुधेश्वर महतो, योगदा सत्संग विद्यालय के प्रिंसिपल कृष्णा शुक्ला समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के अगले चरण में डबल इवेंट के मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें खिलाड़ियों के बीच और कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी.


