Thursday, March 26, 2026

खूंटी के बनई नदी पर नया पुल बनेगा, 7 करोड़ रुपए राशि की स्वीकृति मिली है.

Share

रांची: खूंटी-सिमडेगा मुख्य पथ पर नए पुलिस निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. पुल निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है. दरअसल, तेज बारिश के कारण 19 जून 2025 को बनई नदी पर बने पुल दो टुकड़ों में टूटकर अलग हो गया था. सांसद और विधायक सहित जनप्रतिनिधियों के प्रयास से डायवर्सन निर्माण का काम शुरू हुआ, जिसके जल्द पूरे होने की संभावना है. इस बीच विभाग ने सात करोड़ की लागत से नए पुल निर्माण की स्वीकृति दी है. नए पुल निर्माण के लिए पुल का भी टेंडर होने की संभावना है.

खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर मुरहू थाना क्षेत्र के पेलौल गांव के पास बनई नदी पर सात करोड़ की लागत से नया पुल बनेगा. सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं. विभाग के कार्यपालक अभियंता रामेश्वर शाह के अनुसार प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है. जल्द ही टेंडर कराकर पुल निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. पुल धंसने के बाद वाहनों को वैकल्पिक मार्ग कुंजला-जुरदाग होकर जाना पड़ रहा है, जिसकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. जर्जर सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं. स्थानीय लोग इस मार्ग में हो रही परेशानियों से बेहद त्रस्त हैं.

इधर, विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त पुल के पास 1.80 करोड़ रुपये की लागत से डायवर्सन का निर्माण करा रहा है, लेकिन बारिश के कारण काम में काफी विलंब हुआ है. अब निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है. कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बहुत जल्द डायवर्सन से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी. एप्रोच रोड का काम पूरा होते ही इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा. क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि डायवर्सन चालू होने से उनकी महीनों पुरानी समस्या कुछ हद तक दूर होगी और यातायात फिर से सुचारू हो सकेगा.

पांच महीने बीत जाने के बावजूद पुल का निर्माण शुरू न होने से छात्र-छात्राओं, व्यापारियों, किसानों और मजदूर वर्ग को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है. पेलौल के पास स्थित कई स्कूलों में दोनों ओर के छात्र पढ़ते हैं, जिन्हें रोजाना लंबा चक्कर लगाकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है. पेलौल, बीचना, गम्हरिया, अंगराबारी, रोड़ो, छाता समेत दर्जनभर गांवों के लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं. इन गांवों के लोगों को हर जरूरी कार्य के लिए खूंटी आना पड़ता है, लेकिन पुल धंसने के बाद कुंजला मोड़ से जुरदाग होते हुए सिंगल लेन वाले संकरे मार्ग से छाता नदी तक करीब दो किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है. धार्मिक स्थल आमेश्वरधाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.


गौरतलब है कि मुख्य मार्ग पर मुरहू थाना क्षेत्र के पेलौल गांव के पास बनई नदी पर बना पुल बीते 19 जून को भारी बारिश के दौरान धंस गया था. पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित है. बता दें कि साल 2007 में खूंटी-सिमडेगा मुख्य पथ पर पेलौल गांव के पास बनई नदी पर एक करोड़ 27 लाख से पुल बना था. लेकिन अब उस जगह नए पुल का निर्माण सात करोड़ की लागत से होगा.

Read more

Local News