फेटोर हेपेटिकस (Fetor hepaticus) लिवर की गंभीर बीमारी (विशेष रूप से सिरोसिस या लिवर फेलियर) का एक देर से दिखने वाला लक्षण है, जिसकी पहचान सांस से आने वाली बासी, मीठी या कच्ची मछली जैसी गंध से होती है. ऐसा तब होता है जब लिवर खून से टॉक्सिक सबस्ट्रान (जैसे डाइमिथाइल सल्फाइड) को बाहर निकालने में असमर्थ हो जाता है, और फिर ये पदार्थ सांस के जरिए बाहर निकलते हैं. इस खबर में, हम Fetor hepaticus के कारणों और लक्षणों के बारे में विस्तार से जानते हैं…
Fetor Hepaticus क्या है?
क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, फेटोर हेपेटिकस एक ऐसी स्थिति है जिसमें लिवर की खराबी के कारण किसी व्यक्ति की सांस से एक खास तरह की गंध आने लगती है. लिवर खून से जहरीले पदार्थों को छानने में अहम भूमिका निभाता है, जब यह ठीक से काम नहीं करता, तो मर्कैप्टन (जो सल्फर के कंपाउंड होते हैं) जैसे पदार्थ खून में जमा हो सकते हैं और सांस के जरिए फेफड़ों से बाहर निकल सकते हैं. इस जमाव के कारण ही अक्सर सांसो से खास तरह की बदबू या मीठी गंध आती है, जिसे आमतौर पर Fetor hepaticus के रूप में पहचाना जाता है. यह स्थिति सबसे अधिक उन लोगों में देखी जाती है जिन्हें लिवर की गंभीर बीमारी होती है, खासकर उन लोगों में जिन्हें सिरोसिस या हेपेटिक एन्सेफैलोपैथी की समस्या हो.
फेटोर हेपेटिकस के कारण
Fetor hepaticus शरीर में कुछ खास पदार्थों के जमा होने के कारण होता है, जो लिवर फेल होने या लिवर के गंभीर रूप से खराब होने की वजह से होता है. इसके मुख्य कारणों में शामिल हैं..
- लिवर सिरोसिस: सिरोसिस एक ऐसी स्थिति है जिसमें लिवर में स्कार टिश्यू (घाव के ऊतक) बन जाते हैं, यह स्थिति लंबे समय तक लिवर को हुए नुकसान के कारण पैदा होती है, जिसका मुख्य कारण लगातार शराब का सेवन, हेपेटाइटिस या फैटी लिवर रोग हो सकता है. जब सिरोसिस होता है, तो लिवर जहरीले पदार्थों को ठीक से फिल्टर नहीं कर पाता, जिससे सल्फर कंपाउंड जमा होने लगते हैं और यही कंपाउंड फेटोर हेपेटिकस (सांस से आने वाली एक विशेष प्रकार की दुर्गंध) के लिए जिम्मेदार होते हैं.
- हेपेटिक एन्सेफैलोपैथी: हेपेटिक एन्सेफैलोपैथी मस्तिष्क के कामकाज में आने वाली एक गिरावट है, जो तब होती है जब लिवर खून से जहरीले पदार्थों को निकालने में असमर्थ हो जाता है. अमोनिया जैसे जहरीले पदार्थों के जमा होने से भ्रम, भटकाव और सांस में एक खास तरह की मीठी या सीलन भरी गंध आने लगती है.
- लिवर फेल होना: लिवर का अचानक या धीरे-धीरे फेल होना (जिसमें लिवर पूरी तरह से काम करना बंद कर देता है) Fetor hepaticus का कारण बन सकता है, ऐसा इसलिए होता है क्योंकि जहरीले पदार्थ खून में जमा हो जाते हैं और सांस के साथ बाहर निकलते हैं.
- इन्फेक्शन: लिवर या पित्त नलिकाओं में गंभीर इन्फेक्शन होने से लिवर की कार्यक्षमता और भी खराब हो सकती है, जिससे कुछ मामलों में Fetor hepaticus हो सकता है.
- शराब से होने वाली लिवर की बीमारी: लंबे समय तक शराब का सेवन करने से लिवर को नुकसान पहुंच सकता है और सिरोसिस हो सकता है. इससे Fetor hepaticus होने की संभावना बढ़ जाती है, क्योंकि लिवर खून से विषाक्त पदार्थों को ठीक से निकाल नहीं पाता है.
- हेपेटाइटिस: क्रोनिक हेपेटाइटिस (विशेष रूप से हेपेटाइटिस B या C) समय के साथ लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है. इससे लिवर की शरीर के खराब पदार्थों को प्रोसेस करने और उन्हें बाहर निकालने की क्षमता कम हो जाती है, जो ‘फेटर हेपेटिकस’ (Fetor hepaticus) के विकसित होने में योगदान देता है.
फेटोर हेपेटिकस के लक्षण
साइंस डायरेक्ट के मुताबिक, सांस की खास गंध के अलावा, Fetor Hepaticus अक्सर लिवर की खराबी से जुड़े दूसरे लक्षणों के साथ भी होता है. इनमें ये शामिल हो सकते हैं…
- पीलिया : त्वचा और आंखों के सफेद हिस्से का पीला पड़ना, ऐसा तब होता है जब लिवर बिलीरुबिन को ठीक से प्रोसेस नहीं कर पाता है.
- एसाइटिस Ascites: पेट में पानी जमा होने, से लिवर की बीमारी की एक आम समस्या है.
- थकान: बहुत ज्यादा थकावट या एनर्जी की कमी, जो लिवर फेलियर या सिरोसिस वाले लोगों में आम है.
- भ्रम या मेंटल फॉग: Hepatic encephalopathy की वजह से सोचने-समझने की क्षमता में बदलाव, भ्रम, दिशाहीनता और ध्यान लगाने में मुश्किल हो सकती है.
- पैरों में सूजन: पैरों में एडिमा या सूजन जो लिवर की बीमारी में शरीर में पानी जमा होने की वजह से आम है.
- भूख न लगना: खाने में दिक्कत या भूख का पूरी तरह खत्म हो जाना, जो अक्सर लिवर की गंभीर बीमारी वाले लोगों में देखा जाता है.
क्या फेटोर हेपेटिकस का इलाज किया जा सकता है?
फेटोर हेपेटिकस को लिवर की मूल बीमारी, जैसे कि हेपेटाइटिस या सिरोसिस, का इलाज करके और हेपेटिक एन्सेफैलोपैथी जैसी समस्याओं को ठीक करके कंट्रोल किया जा सकता है. इसके लिए दवाएं, लाइफस्टाइल में बदलाव और गंभीर मामलों में लिवर ट्रांसप्लांट की जरूरत पड़ सकती है.


