पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का चेयरमैन जबसे देश का गृहमंत्री मोहसिन नकवी बना है तब से क्रिकेट में उथल पुथल मचा हुआ है. इसी वजह से अब ये सवाल उठ रहा है कि क्या मोहसिन नकवी अब क्रिकेट के सबसे बड़े मुसीबत पैदा करने वाले बन गए हैं?
उनके द्वारा हाल में लिए गए कुछ फैसलों से ऐसा लगता है कि वो क्रिकेट के सबसे बड़े मुसीबत पैदा करने वाले बन गए हैं? पिछले साल उन्होंने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) से पंगा ले लिया, जब भारतीय खिलाड़ियों ने उनके हाथ से ट्रॉफी न लेने का फैसला किया तो उन्होंने एशिया कप की ट्रॉफी विनर टीम को ही देने से इनकार कर दिया और ट्रॉफी को अपने साथ लेकर चले गए.

ICC से लिया पंगा
अभी ये मामला सुलझ भी नहीं पाया था कि मोहसिन नकवी ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से पंगा ले लिया. जब पाकिस्तान की सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट का ऐलान कर दिया. जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी का कहना है कि ये उनकी सरकार का फैसला है और हम उनके खिलाफ नहीं जा सकते.
अब सवाल यह उठ रहा है कि मोहसिन नकवी कौन है जो आईसीसी और एसीसी से पंगा ले रहे हैं, आखिर उनके पास इतनी पॉवर कहां से आती है ? दरअसल नकवी सिर्फ PCB के चेयरमैन ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं, और यह दोहरी भूमिका चुपचाप लगभग हर उस क्रिकेट टकराव का हिस्सा बन गई है जिसमें पाकिस्तान हाल ही में शामिल हुआ है.

मोहसिन नकवी कौन हैं (Who is Mohsin Naqvi)
मोहसिन नकवी ने अपने करियर की शुरुआत सीएनएन प्रोड्यूसर के रूप में की और बाद में सिटी मीडिया ग्रुप की स्थापना की, जिससे मीडिया उद्योग में उनका प्रभाव बढ़ा. उनको पाकिस्तान की फौज का भी करीबी माना जाता है, जिसकी वजह से वो आज देश के कई पदों पर बैठे हुए हैं.
पूर्व पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान इमरान खान की सरकार गिरने के बाद से मोहसिन नकवी पंजाब के कार्यवाहक मुख्यमंत्री (2023-24) रहे, और हर वो काम करते गए जो फौज इमरान खान के खिलाफ करना चाहती थी, जिससे वो फौज के पसंदीदा लीडरों में से एक बन गए. उसके बाद जब फौज ने नवाज शरीफ के परिवार को सत्ता सौंप दी तो फिर मोहसिन नकवी को पाकिस्तान का गृह मंत्री बना दिया गया और अब वही पीसीबी अध्यक्ष भी हैं.
पुर्व पाकिस्तान के कप्तान इमरान खान का कहना है जैसे पाकिस्तान के आम लोगों की जिंदगी बर्बाद कर दी गई है वैसे ही मोहसिन नकवी पाकिस्तान में क्रिकेट को बर्बाद कर रहा है.
मोहसिन नकवी की शिक्षा
नकवी का जन्म 28 अक्टूबर 1978 को लाहौर, पंजाब में हुआ था. वह एक पंजाबी सैयद परिवार से थे, जिनकी पैतृक जड़ें झांग में थीं. कम उम्र में अनाथ होने के बाद, उनके मामा ने उनका पालन-पोषण किया. नकवी ने अपनी स्कूली शिक्षा क्रिसेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल से की और गवर्नमेंट कॉलेज यूनिवर्सिटी लाहौर में शिक्षा प्राप्त की. उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका के ओहायो विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री भी हासिल की.
पाकिस्तान क्रिकेट का हुआ बुरा हाल
जबसे मोहसिन नकवी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के चेयरमैन बने हैं तबसे उनकी टीम का प्रदर्शन भी नीचे गिरा है. पाकिस्तान क्रिकेट टीम को पिछले टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका जैसी टीम से ग्रुप में ही हार का सामना करना पड़ा था. चैंपियंस ट्रॉफी में भी ग्रुप स्टेज में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे. इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह बार बार टीम मैनेजमेंट और कप्तान बदलना था.


