Sunday, June 21, 2026

क्या CSK के अभेद किले को आज RCB भेद पाएगी? हेड टू हेड रिकॉर्ड्स के साथ जानें पॉसिबल प्लेइंग-11

Share

CSK vs RCB: आईपीएल 2025 के 8वें मैच में आज चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा.

चेन्नई : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 8वां मैच आज एमए चिदंबरम स्टेडियम में 7:30 बजे से खेला जाएगा. इस मुकाबला में दो चिर प्रतिद्वंद्वी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीमें आमने-सामने होंगी. दोनों टीमों ने आईपीएल 2025 के अपना पहला मैच जीता है. चेन्नई ने जहां इसी मैदान पर मुंबई इंडियंस को हराया था. वहीं, आरसीबी ने 18वें सीजन के ओपनिंग मैच में केकेआर को उसके घर में हराकर शानदार शुरुआत की थी.

आरसीबी के सामने आज सीएसके की चुनौती
चेपॉक स्टेडियम चेन्नई सुपर किंग्स का अभेद किला है. इस मैदान पर आरसीबी का सीएसके के खिलाफ रिकॉर्ड भी बेहद खराब है. ऐसे में ऋतुराज गायकवाड़ की कमान और एमएस धोनी के माइंड गेम वाली सीएसके को आज के मैच में हराना रजत पाटीदार की अगुवाई वाली और विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ी से सजी आरसीबी के लिए आसान नहीं होगा. हालांकि, अपने पिछले मैच में जिस तरह है आरसीबी ने गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को खेल के हर विभाग में पराजित किया, उससे आरसीबी फैंस को उम्मीद है कि उनकी टीम आज 17 साल बाद चेन्नई को उसके घर में हराने में सफल होगी.

2008 के बाद से सीएसके को नहीं हरा पाई आरसीबी
चेन्नई में एमए चिदंबरम में, सीएसके के खिलाफ खेलते हुए आरसीबी का रिकॉर्ड बेहद खराब है. चेपॉक स्टेडियम में सीएसके और आरसीबी अब तक 9 बार भिड़ चुके हैं, इस दौरान सीएसके ने अपने घरेलू मैदान पर 8 मैचों में आरसीबी को हराया है. आरसीबी ने सीएसके के खिलाफ चेपॉक स्टेडियम में सिर्फ 1 बार जीत हासिल की है, यह एकमात्र जीत उसे 2008 में मिली थी.

CSK vs RCB हेड टू हेड रिकॉर्ड्स
चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड्स की बात करें तो सीएसके और आरसीबी के बीच आईपीएल में अब तक कुल 33 मैच हुए हैं. इन 33 मैचों में से चेन्नई ने 21 बार जीत हासिल की है. वहीं, बेंगलुरु ने 11 मैच जीते हैं. जबकि 1 मैच बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ. दोनों टीमों के बीच अब तक कांटे की टक्कर देखने को मिली है. ऐसे में आज भी दोनों टीमों के बीच एक कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है.

एमए चिदंबरम स्टेडियम पिच रिपोर्ट
चेपॉक स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, जिसमें स्पिनरों का पलड़ा भारी रहता है. यहां की सतह खेल के साथ-साथ धीमा हो जाती है, जिससे स्पिनरों को अधिक टर्न मिलता है. आईपीएल में चेन्नई में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का जीत का रिकॉर्ड बेहतर रहा है. 2008 से अब तक इस मैदान पर 87 मैच खेले गए हैं, जिसमें टारगेट का पीछा करने वाली टीम सिर्फ 37 जीत हासिल कर पाई है. ऐसे में यहां टॉस जीतकर कप्तान पहले बल्लेबाजी करना पसंद करते हैं. यहां 160-180 का स्कोर विनिंग टोटल माना जाता है.

CSK vs RCB मौसम अपडेट
चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आज होने वाले मुकाबले के मौसम की बात करें तो, चेन्नई में हमेशा की तरह आज भी तेज गर्मी और उमस रहेगी. इससे खिलाड़ियों पर खासकर तेज गेंदबाजों पर असर पड़ेगा, क्योंकि उन्हें पूरे मैच के दौरान हाइड्रेटेड रहना होगा.

CSK vs RCB दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

CSK की संभावित प्लेइंग-11
रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रचिन रवींद्र, दीपक हुडा, शिवम दुबे, रवींद्र जड़ेजा, सैम करन, एमएस धोनी (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, नाथन एलिस, खलील अहमद
इंपैक्ट प्लेयर: राहुल त्रिपाठी, कमलेश नागरकोटी

RCB की संभावित प्लेइंग-11
विराट कोहली, फिलिप साल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड, भुवनेश्वर कुमार
इंपैक्ट प्लेयर: देवदत्त पडिक्कल/यश दयाल

Read more

Local News