Monday, April 27, 2026

केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने ‘नेत्रदान’ के महत्व के बारे में बताते हुए इससे जोड़ने की लोगों से अपील की.

Share

रांची: नेत्रदान महादान को जन आंदोलन बनाने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण सफलता मिलती दिखी. जब केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने न सिर्फ खुद नेत्रदान का संकल्प लिया बल्कि नेत्रदान के लिए जरूरी कागजी औपचारिकताएं भी पूरी की.

रांची में नेत्रदान एवं अंगदान शिविर का आयोजन

इससे पहले उन्होंने न केवल नेत्रदान का फॉर्म भरा, बल्कि लोगों से भी इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के समाज कल्याण (महिला) एवं कला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित नेत्रदान एवं अंगदान सह नेत्र जांच शिविर में स्वागत उद्बबोधन करते हुए प्रकोष्ठ अध्यक्ष स्मिता ने रक्षा राज्यमंत्री द्वारा नेत्रदान करने की सहमति और सभी औपचारिकताएं पूरी करने का समाज के लिए प्रेरणादायक बताया.

साथ ही आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा तथा अधिक से अधिक लोग नेत्रदान और अंगदान के लिए आगे आएंगे. रक्षा राज्य मंत्री ने भी राज्यवासियों से अधिक से अधिक संख्या में नेत्रदान और अंगदान की अपील करते हुए इसे महादान बताया है. उन्होंने कहा कि यह सोचकर ही कितना सुकून मिलता है कि जब आप इस दुनिया में नहीं होंगे, जब भी आपकी दान की गई नेत्र किसी की जिंदगी में रौशनी फैलाएंगी.

नेत्रदान में लोगों की सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित मानवाधिकार आयोग से संबंधित पीके लाला और झारखंड आई बैंक के डॉ. पी. सिन्हा ने भी नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की. कायस्थ महासभा के झारखंड अध्यक्ष डॉ. सीबी सहाय ने नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए वैज्ञानिक तथ्यों के साथ इसकी उपयोगिता समझाई गई.

लोगों को बताया गया नेत्रदान का महत्व

वहीं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश कुमार ने इस पहल को अभियान का रूप देने का आह्वान करते हुए आयोजक टीम का उत्साहवर्धन किया. इस दौरान राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की आई बैंक एवं स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (Sotto) झारखंड द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को नेत्रदान और अंगदान की प्रक्रिया एवं महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई.

पंजीकरण कराने वाले सम्मानित

कार्यक्रम में नेत्रदान एवं अंगदान के लिए पंजीकरण कराने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया. कार्यक्रम में राजश्री जयंती व इंदु पराशर की विशिष्ट उपस्थिति रही. आयोजन को सफल बनाने में प्रकोष्ठ अध्यक्ष स्मिता के साथ प्रीति, उमा सिन्हा, निर्मला कर्ण, रेणुबाला धर, इंदु, रंगोली, सत्या, गुप्तेश्वर जी और पवन किशोर सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई. यह आयोजन न केवल जागरूकता का माध्यम बना. बल्कि समाज में सेवा और मानवता के मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित होगा.

Read more

Local News