धनबाद: केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी दो दिवसीय धनबाद दौरे पर हैं. दौरे के दूसरे दिन कोयला मंत्री बेलगड़िया टाउनशिप पहुंचे. बेलगड़िया में जिला प्रशासन द्वारा उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कोयला मंत्री शामिल हुए. केंद्रीय मंत्री ने टाउनशिप में सोलर लाइट का उद्घाटन किया. इसके साथ ही बेलगड़िया में फेज 6,7 और 8 का शिलान्यास किया. केंद्रीय कोयला मंत्री ने उद्घाटन के बाद प्रशासनिक भवन का जायजा लिया
उद्घाटन समारोह के दौरान कोयला मंत्री ने टाउनशिप में बसे लोगों द्वारा वर्तमान में आ रही कठिनाइयों के बारे में जानकारी दी. लोगों द्वारा दिए गए सुझावों को केंद्रीय कोयला मंत्री और डीसी ने नोट किया. लोगों द्वारा विवाह भवन, अलग पंचायत, पोस्ट ऑफिस, प्ले ग्राउंड समेत अन्य मांगे रखी. वहीं लोगों ने किसी की मृत्यु हो जाने पर 10 हजार रुपए अंतिम संस्कार के लिए दिए जाने की मांग भी की.
टाउनशिप में बसे कुछ लोगों ने शिकायत में कहा कि वे यहां बसे जरूर हैं लेकिन उनका नाम अब तक सर्वे में नहीं है, जिस कारण उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ता है. बच्चों की पढ़ाई के लिए कई दस्तावेज की जरूरत होती है लेकिन सर्वे में नाम नहीं होने की वजह से सारे काम अटक जाते हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हर महीने विस्थापितों की रिपोर्ट भेजनी पड़ती है, जिसके लिए हमें सभी के बीच आना पड़ता है. प्रभावित लोग जो अब भी अग्नि प्रभावित और भूधंसान क्षेत्र में रह रहे हैं, उनसे अपील है कि वे भी एक स्वच्छ वातावरण में आकर रहें. केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने टाउनशिप के जन औषधि केंद्र में लोगों को स्थापित करने का आश्वासन दिया है. लोगों को 99 साल की लीज पर यहां आवास दिया जा रहा है, यह लीज नहीं बल्कि एक पट्टा है, आपके आने वाली पीढ़ी दर पीढ़ी को इस आवास का मालिकाना हक होगा.

100 सालों से लगी आग के कारण झरिया में आग और गैस का रिसाव जारी है. लोगों का स्वास्थ्य खराब हो रहा है. इन क्षेत्रों में बसे लोगों के लिए टाउनशिप में 30 हजार आवास बन चुके हैं. सभी तरह की व्यवस्था यहां की जा रही है. जिन लोगों को आवास आवंटन हो चुका है वे भी ताला मारकर उसी जगह रह रहे हैं. वैसे लोग भी अपने आवास में आएं. कोल इंडिया के अधिकारियों के साथ बैठक की है. कोल प्रोडक्शन बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई है. दो दिवसीय दौरे में झरिया को प्राथमिकता दी जा रही है: जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय कोयला मंत्री
केंद्रीय कोयला मंत्री ने लोगों की समस्या सुनने के बाद कहा कि सम्मान और सुरक्षा के साथ सुविधा देना हमारा काम है. यह कोई राजनीतिक कार्य नहीं है बल्कि यह हमारा दायित्व है. लोगों को बसाने के लिए भारत सरकार पैसे की चिंता नहीं कर रही है. बल्कि बेहतर जीवन देने के लिए झरिया मास्टर प्लान को तैयार किया गया है. केंद्रीय मंत्री ने आगे बताया कि लोगों के सुझाव के आधार पर अलग अलग योजना बनाई जाएगी. प्रभावित परिवारों को पूरी जिम्मेदारी के साथ बसाने का काम करेंगे. केंद्र और राज्य सरकार लोगों के बेहतर के लिए काम कर रही है.
वहीं मंच से डीसी आदित्य रंजन ने वर्तमान में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी. इसके साथ ही निकट भविष्य में जो सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी है, उसके बारे में विस्तार से जानकारी साझा की.

केंद्रीय मंत्री को सुनने पहुंचे स्थानीय लोग
उद्घाटन समारोह के मंच पर केंद्रीय कोयला मंत्री के साथ धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, झरिया विधायक रागिनी सिंह, कोल इंडिया चेयरमैन बी साईराम, बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल और धनबाद डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार मौजूद रहे. कोयला मंत्री के संबोधन को सुनने के लिए समारोह में टाउनशिप में बसे स्थानीय लोग भी उपस्थित हुए.


