Monday, April 6, 2026

कांग्रेस 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोरी और SIR के खिलाफ एक बड़ी रैली करने जा रही है.

Share

रांची: वोट चोरी और एसआईआर के खिलाफ कांग्रेस 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली करने जा रही है. इस रैली में झारखंड से पांच हजार कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शिरकत करेंगे. रविवार को इसकी घोषणा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि दिल्ली की महारैली को सफल बनाने के लिए सभी जिला अध्यक्षों, सोशल मीडिया विभाग और बड़े संगठनों को निर्देश दे दिए गए हैं. प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य में गठबंधन की सरकार द्वारा 21 नवंबर से जारी ‘सेवा सप्ताह’ की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की जनता के हितों की रक्षा करने के प्रति समर्पित सरकार चल रही है.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस रैली में झारखंड से 5000 कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न प्रमंडलों से भाग लेंगे. इसके लिए जिला अध्यक्षों को रैली में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि संचार के विभिन्न माध्यमों से रैली का प्रचार प्रसार किया जाएगा

देश में मतों की चोरी कर सरकार बनाई जा रही है. चुनाव आयोग ने सत्ता के इशारे पर पूरी चुनावी प्रक्रिया की गरिमा को ताक पर रख दिया है. इसलिए लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता की आवाज को हमें बुलंद रखना है. उन्होंने कहा कि विगत वर्ष समस्याओं के तुरंत समाधान हेतु गठबंधन सरकार ने ‘आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम चलाया था इस कार्यक्रम की सराहना पूरे देश में हो रही है.

सरकार जनता के दरवाजे पर पहुंच रही हैः प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

लोक सेवा अधिनियम 2011 में सबसे पहले पहले मध्य प्रदेश, उसके बाद राजस्थान एवं झारखंड में एक साथ पारित किया गया था. यह अधिनियम तय समय सीमा में जनता के कार्यों को संपन्न करने की गारंटी देता है. नहीं होने पर इसमें दंडात्मक प्रावधान है. अधिनियम में निहित तथ्यों के तहत सरकार सेवा का अधिकार सप्ताह 21 नवंबर से 28 नवंबर तक मना रही है. इसके लिए मुख्यमंत्री बधाई के पात्र हैं, जिनकी अगुवाई में सरकार जनता के दरवाजे पर पहुंच रही है. उन्होंने सभी वार्ड एवं मंडल अध्यक्षों को इस सेवा के अधिकार सप्ताह के तहत जन समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने का निर्देश दिया.

कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि इस देश के लोकतंत्र, संविधान और आम जनों के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए जो लड़ाई कांग्रेस नेतृत्व ने छेड़ी है, उसकी सफलता के लिए हम संघर्ष की राह पर चलते रहेंगे. भाजपा और उसका नेतृत्व शासन में अपनी धमक देना चाहता है, जिसका हम विरोध करते हैं. कहीं वोट चोरी करके वोटर लिस्ट से मतदाताओं का नाम हटाकर, कभी विधायकों की खरीद फरोख्त करके भाजपा सरकार बना रही है.

सरकार लोगों के करीब पहुंचना चाहती है

इस चोरी के विरोध में दिल्ली की रैली में संविधान, लोकतंत्र और वोट के अधिकार पर विश्वास रखने वाली जनता शामिल होगी. यह रैली तय करेगी कि यह देश लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलेगा. उन्होंने कहा कि राइट टू सर्विस एक्ट के तहत 73 बुनियादी नियम हैं, जिसके अंतर्गत 363 सेवाएं आती हैं. इसे अधिकारियों द्वारा जनता को उपलब्ध कराना है, इसके लिए सरकार का पूरा महकमा पंचायत और वार्ड स्तर पर पहुंच रहा है. आम लोग इन शिविरों में पहुंचकर इसका लाभ लें, इसके माध्यम से सरकार लोगों के करीब पहुंचना चाहती है. संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, लाल किशोर नाथ शाहदेव, सोनाल शांति, केदार पासवान और राजन वर्मा उपस्थित थे.

Read more

Local News