Wednesday, March 25, 2026

कांके में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और गुमला में 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Share

नए साल की शुरुआत कड़ाके की से हुई है। खेतों में बर्फ जम गई है। रांची में भी शीतलहर का असर है। हालांकि दिन में धूप रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए घने कोहरे और शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित रहेगा और फसलों को नुकसान का डर है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस जगन्नाथपुर का जबकि सबसे कम कांके का पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जबकि 3.9 डिग्री सेल्सियस गुमला का रिकार्ड किया गया

रांची। साल 2025 की विदाई और 2026 का आगाज झारखंड के लिए भीषण ठंड लेकर आया है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले लिया है।

राजधानी रांची के बाहरी इलाकों जैसे कांके और मैक्लुस्कीगंज में हालात ‘मिनी कश्मीर’ जैसे हो गए हैं, जहां तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है।

कांके में जमी बर्फ: पाले ने बढ़ाई किसानों की धड़कन

कांके क्षेत्र में भीषण शीतलहर का असर इस कदर है कि अहले सुबह खेतों, सूखी फसलों और घास पर जमी ओस की बूंदें बर्फ (पाले) में तब्दील हो गई हैं। कांके में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और गुमला में 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में एक जनवरी को दिन में धूप है। 

ग्रामीण इलाकों में सुबह उठते ही खेत-खलिहान सफेद बर्फ की चादर में लिपटे नजर आ रहे हैं। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, ओस का पाला बनना आलू, मटर और टमाटर जैसी सब्जियों के साथ-साथ दलहन की फसलों के लिए काफी नुकसानदेह है। किसान फसलों को बचाने के लिए खेतों के किनारे धुआं और हल्की सिंचाई का सहारा ले रहे हैं।

पूरे राज्य में कोहरे का साया: विजिबिलिटी हुई कम

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक कोहरे का जबरदस्त असर देखने को मिलेगा। विशेषकर राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहेगा। देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, गिरिडीह और सिमडेगा जैसे जिलों में कनकनी के साथ धुंध का पहरा रहेगा।

शाम 7 बजते ही रांची समेत राज्य के प्रमुख शहरों में शीतलहर के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। शाम ढलते ही लोग घरों की ओर रुख कर रहे हैं जिससे सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा पसर गया है।

तापमान का नया पूर्वानुमान: कब गिरेगा और कब बढ़ेगा पारा?

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक, तापमान में अगले 5 दिनों तक उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 1 से 3 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की मामूली वृद्धि होने की संभावना है, जिससे कनकनी थोड़ी कम होगी।

लेकिन इसके तुरंत बाद 4 और 5 जनवरी को एक बार फिर उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की भारी गिरावट आएगी। राजधानी रांची में भी हल्के व मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा और आसमान मुख्यतः साफ रहने की उम्मीद है।

शहरों का तापमान कार्ड (पिछले 24 घंटे)

शहर/इलाकाअधिकतम तापमानन्यूनतम तापमान 
जगन्नाथपुर28.1°C6.5°C
रांची (शहर)24.2°C7.0°C
कांके20.5°C3.0°C
गुमला22.4°C3.9°C

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की अपील

ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों को सुबह की सैर से बचने की सलाह दी है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नगर निगम द्वारा अलाव की व्यवस्था की जा रही है, हालांकि ग्रामीण इलाकों में लोग खुद ही लकड़ियों और पुआल के सहारे रात काट रहे हैं। कोहरे के कारण लंबी दूरी की बसों और ट्रेनों की रफ्तार पर असर पड़ा है।

वाहन चालकों को फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और धीमी गति से चलने की सलाह दी गई है। यह स्थिति कम से कम 5 जनवरी तक बनी रहने की संभावना है।

अगले चार दिन राजधानी का इतना रहेगा तापमान

1 जनवरी : अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस
2 जनवरी : अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस
3 जनवरी : अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस
4 जनवरी : अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस

Table of contents [hide]

Read more

Local News