Sunday, March 15, 2026

कनाडा के 19 वर्षीय युवराज समरा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया.

Share

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 17 फरवरी को कनाडा का मुकाबला न्यूजीलैंड से हुआ. जिसमें कनाडा की टीम को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. न्यूजीलैंड की टीम ने 174 रनों के लक्ष्य को 15.1 ओवर में 2 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया. इस जीत के साथ कीवी टीम ग्रुप डी से साउथ अफ्रीका के साथ सुपर 8 में पहुंच गई है.

इस मैच में न्यूजीलैंड की टीम सफल रही लेकिन कनाडा के युवा खिलाड़ी युवराज समरा ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया. उन्होंने चेन्नई के एमए ​​चिदंबरम स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ 58 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. जिसके साथ वो टी20 वर्ल्ड कप में सबसे कम उम्र में शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए.

युवराज समरा ने सिर्फ 19 साल और 141 दिन की उम्र में ये उपलब्धि हासिल की. इससे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के अहमद शहजाद के नाम था, जिन्होंने 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में 22 साल 127 दिन की उम्र में शतक जड़ा था.

T20 वर्ल्ड कप में सबसे कम उम्र में शतक बनाने वाले बल्लेबाज

  • युवराज समरा (कनाडा) 19 साल 141 दिन, बनाम न्यूजीलैंड, चेन्नई, 2026
  • अहमद शहजाद (पाकिस्तान) 22 साल 127 दिन, बनाम बांग्लादेश, मीरपुर, 2014
  • सुरेश रैना (भारत) 23 साल 156 दिन, बनाम दक्षिण अफ्रीका, ग्रोस आइलेट, 2010
  • एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड) 25 साल 83 दिन, बनाम श्रीलंका, चटगांव, 2014
  • ग्लेन फिलिप्स (न्यूजीलैंड) 25 साल 327 दिन – बनाम श्रीलंका, सिडनी, 2022

इसके अलावा युवराज T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पचास रन बनाने वाले सबसे कम उम्र के बैट्समैन बन गए और टूर्नामेंट में किसी एसोसिएट देश के खिलाड़ी द्वारा बनाया गया पहला शतक भी बनाया। इसके अलावा, उनकी 110 रन की पारी T20 वर्ल्ड कप में एसोसिएट टीमों के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था.

युवराज समरा ने क्या कहा?
19 वर्षीय युवराज समरा ने मैच में 110 रनों की शानदार पारी खेली. जिसमें 11 चौके और 6 छक्के शामिल थे. इस यादगार पारी के बारे में बताते हुए समरा ने कहा, ‘सच कहूं तो, जब से हमने वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया था, तब से मैं इस पल को महसूस कर रहा था. हर एक दिन, मैं इस स्टेज पर सेंचुरी बनाने का सपना देखता था. यहां, अपनी पहली मौजूदगी में, और इस वर्ल्ड कप में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी के तौर पर ऐसा करना – सच में एक सपना सच होने जैसा है.’

युवराज सिंह के नाम पर रखा नाम
भारत के महान खिलाड़ी युवराज सिंह के नाम पर समरा का नाम युवराज समरा पड़ा. उन्होंने आगे कहा, ‘यह जबरदस्त लग रहा है. अभी बहुत सारे इमोशन हैं, मैं उन्हें शब्दों में बयां नहीं कर सकता. युवराज सिंह ऐसे इंसान हैं जिन्हें मैं बचपन से देखता आया हूं, इसलिए उनका जिक्र होना भी खास है. काश मेरे पापा आज यहां होते और घर से मुझे देख रहे होते, यह उनके लिए है.’

युवराज समरा ने अब तक 18 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 459 रन बनाए हैं, जिसमें उनका एवरेज 32.78 और स्ट्राइक रेट 159.37 रहा है.

टी20 वर्ल्ड कप में कनाडा
कनाडा ने इस मैच से पहले टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका और यूएई से भी हार गया है. T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में वो दूसरी बार खेल रहे हैं. 2024 एडिशन में वो ग्रुप स्टेज से बाहर हो गए थे, उन्होंने खेले गए चार मैचों में से सिर्फ एक जीता और दो हारे थे.

Read more

Local News