कटिहार के जिलाधिकारी मनेष कुमार मीणा ने बारसोई के बीडीओ हरिओम शरण को निलंबित कर दिया है। उन पर मतदाता पुनरीक्षण कार्य में दुष्प्रचार करने का आरोप है जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। डीएम ने बताया कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होने पर निलंबन हुआ। साथ ही मतदाता पुनरीक्षण में लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कटिहार। जिलाधिकारी मनेष कुमार मीणा ने बारसोई बीडीओ हरिओम शरण को निलंबित कर दिया है। साथ ही इन पर विभागीय कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।
डीएम ने बताया है कि मतदाता पुनरीक्षण कार्य के क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी बारसोई द्वारा पुनरीक्षण कार्य को लेकर अलग-अलग समाचार पत्रों एवं इंटरनेट मीडिया के माध्यम से निर्वाचन के कार्यों को मुद्दा बना कर दुष्प्रचार किया गया, जो नियम संगत नहीं है।
इस संबंध में स्पष्टीकरण पूछा गया जिसका जवाब संतोषप्रद नहीं पाया गया है। लिहाजा निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने के लिए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
इसके साथ ही डीएम ने इस कार्य में छूटे पदाधिकारियों और कर्मचारियों स्पष्ट व सख्त संदेश दिया कि कार्य के सफल संपादन में किसी तरह की लापरवाही बरतने एवं बाधा उत्पन्न करने वाले संबंधित पदाधिकारी/कर्मचारी पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत केस किया जाएगा।
बता दें कि बारसोई बीडीओ ने अनुमंडल पदाधिकारी दीक्षित श्वेतम पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए 12 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से किसी का उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था। बीते सोमवार को वो काम पर वापस लौट आए थे।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि 25 जून से मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण प्रारंभ है। इसके तहत अब तक 83 फीसद प्रपत्र जमा कर लिया गया है एवं 65.67 फीसद डाटा अपलोड कर दिया गया है। शेष कार्य का निष्पादन 26 जुलाई तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


