घी सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है. भारतीय घरों में लोग कई व्यंजनों में घी डालकर खाते हैं. लोगों का मानना है कि रोजाना एक चम्मच घी खाने से स्वास्थ्य लाभ होता है. कई सेलिब्रिटीज बता चुके हैं कि वे रोज सुबह घी खाते हैं, जिससे उनकी त्वचा में चमक बनी रहती है और वजन कम करने में भी मदद मिलती है.
रोजाना घी खाने के फायदे
बेहतर पाचन: नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, घी में ‘ब्यूटिरिक एसिड’ नामक एक महत्वपूर्ण शॉर्ट-चेन फैटी एसिड प्रचुर मात्रा में पाया जाता है. यह वसा आंतों में स्वस्थ बैक्टीरिया के विकास को बढ़ावा देता है. इससे पाचन बेहतर होता है और कब्ज से बचाव होता है. जब पाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती है तो समग्र स्वास्थ्य में सुधार होता है.
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है: घी में मौजूद वसा में घुलनशील विटामिन ए, डी, ई और के भरपूर मात्रा में होते हैं. ये विटामिन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. विटामिन ए और ई शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट के रूप में कार्य करते हैं. ये शरीर में मौजूद फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं, कोशिकाओं को क्षति से बचाते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं.
हड्डियों को मजबूत बनाता है: घी में मौजूद विटामिन K शरीर को कैल्शियम अवशोषित करने में मदद करता है. यह हड्डियों के स्वास्थ्य को बनाए रखने और हड्डियों के क्षय को रोकने के लिए आवश्यक है. घी हड्डियों के घनत्व को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, खासकर बुजुर्गों में.
त्वचा और बालों का स्वास्थ्य: घी शरीर को अंदर से आवश्यक नमी प्रदान करता है. इसमें मौजूद हेल्दी फैट्स त्वचा को मुलायम और चमकदार बनाए रखने में मदद करते हैं. यह बालों की जड़ों को मजबूत करने, ड्राई स्कैल्प को आराम देने और बालों का झड़ना कम करने में मददगार है. आहार में घी शामिल करना एक प्राकृतिक सौंदर्य लाभ है.
घी के कई फायदे हैं लेकिन मिलावटी घी खाने से बचें.
घी के अनेक फायदे हैं, लेकिन इसमें कैलोरी की मात्रा अधिक होती है. इसलिए, इसके पूरे लाभ प्राप्त करने के लिए इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए. प्रतिदिन एक चम्मच घी खाना फायदेमंद है. लेकिन अधिक वजन वाले और हार्ट डिजीज वाले लोगों को घी के सेवन से बचना चाहिए और अपने डॉक्टर से सलाह लेना चाहिए. यह भी ध्यान रखें कि शुद्ध घी का सेवन हमेशा सीमित मात्रा में करना चाहिए तभी फायदा होगा, मिलावटी घी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है.
ऐसे पहचानें घी शुद्ध है या मिलावटी
इसमें कोई शक नहीं कि मिलावट के कारण आज बाजार में शुद्ध घी मिलना मुश्किल हो गया है. ऐसे में अगर आप भी घी का इस्तेमाल करते हैं तो आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप घर बैठे आसानी से पता लगा सकते हैं कि आपके किचन में मौजूद घी मिलावटी है या नहीं.
घी की शुद्धता जांचने के लिए सबसे पहले एक चम्मच घी अपनी हथेली पर लगाएं. अगर घी कुछ मिनटों में पिघल जाए तो यह शुद्ध है. गौरतलब है कि शुद्ध घी शरीर की गर्मी से आसानी से पिघल जाता है, जबकि नकली घी को पिघलने में ज्यादा समय लगता है. इसके अलावा आप इसमें आयोडीन की कुछ बूंदें डालकर भी शुद्ध घी की पहचान कर सकते हैं. इसके लिए आधे चम्मच घी में आयोडीन की कुछ बूंदें मिलाएं. अगर घी का रंग नीला या काला हो जाए तो इसका मतलब है कि घी में स्टार्च मिलाया गया है. घी की शुद्धता जांचने के लिए इसे गर्म कर लीजिए. अगर घी तुरंत पिघल जाए और सुनहरे रंग का हो जाए तो यह शुद्ध है, जबकि नकली घी में आमतौर पर सफेद और चिपचिपा अवशेष होता है. इतना ही नहीं, शुद्ध घी में एक विशेष सुगंध होती है, जबकि मिलावटी घी में कोई सुगंध नहीं होती है.


