रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सत्यापन और फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। फॉर्म जमा करने की निर्धारित अंतिम तिथि में अब केवल दो दिन शेष हैं, लेकिन राज्य के कई मतदान केंद्रों (बूथों) पर अब भी करीब 20 प्रतिशत फॉर्म जमा नहीं हो पाए हैं।
निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) लगातार घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और छूटे हुए लोगों से जल्द से जल्द आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म जमा करने की अपील कर रहे हैं। विभाग का लक्ष्य तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत आवेदन प्राप्त करना है।
अधिकारियों के अनुसार, जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना फॉर्म जमा नहीं किया है, उन्हें अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन करना चाहिए। समय पर फॉर्म जमा नहीं होने की स्थिति में मतदाता सूची में नाम से संबंधित समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
निर्वाचन आयोग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने बूथ पर जाकर या संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें। साथ ही बीएलओ को भी अभियान में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
