Thursday, March 19, 2026

एशियन लॉन बॉलिंग चैंपियनशिप में झारखंड के कई खिलाड़ियों का चयन हुआ है.

Share

रांची: झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि 17वीं एशियन लॉन बॉलिंग चैंपियनशिप के लिए राज्य के 6 खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन हुआ है. यह चैंपियनशिप 5 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी. चयन प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई.

नई दिल्ली में आयोजित चयन ट्रायल में पूरे देश से चुनिंदा खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया था, जहां झारखंड के खिलाड़ियों ने शीर्ष स्थान हासिल कर सभी को प्रभावित किया. पुरुष वर्ग में दिनेश कुमार ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुनील बहादुर ने दूसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. दोनों खिलाड़ी लंबे समय से लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं और इस चयन ने उनकी मेहनत को नई पहचान दी है.

महिला वर्ग में भी झारखंड की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. पूर्वी सिंहभूम की जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की ने शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी क्षमता का परिचय दिया. वहीं, उभरती खिलाड़ी रेशमा कुमारी ने दूसरे स्थान पर रहकर सबको चौंका दिया। रेशमा का प्रदर्शन इस चयन ट्रायल की खास उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है.

अंडर-25 आयु वर्ग में भी झारखंड के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया. सौरभ कुमार और बसंती कुमारी ने अपने-अपने वर्ग में उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और भारतीय टीम में जगह बनाई. यह दोनों युवा खिलाड़ी आने वाले समय में देश के लिए बड़ी उम्मीद माने जा रहे हैं.

भारतीय टीम की 10 सदस्यीय सूची में झारखंड से सीनियर वर्ग में 4 और अंडर-25 वर्ग में 2 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है. इसके अलावा आलोक लकड़ा को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया गया है, जो जरूरत पड़ने पर टीम का हिस्सा बन सकते हैं.

चयनित खिलाड़ियों में पुरुष वर्ग से दिनेश कुमार (झारखंड पुलिस) और सुनील बहादुर (जैप), महिला वर्ग से रूपा रानी तिर्की और रेशमा कुमारी, जबकि अंडर-25 वर्ग में सौरभ कुमार और बसंती कुमारी शामिल हैं. सभी खिलाड़ी 26 मार्च 2026 को नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे देश का प्रतिनिधित्व करेंगे.

इस उपलब्धि पर झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का विषय है और सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है. झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके आनंद ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें चैम्पियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं.

वहीं, संघ के मुख्य प्रशिक्षक और पूर्व भारतीय कोच डॉ. मधुकांत पाठक ने कहा कि खिलाड़ियों ने कठिन मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. झारखंड ओलंपिक संघ के खेल सचिव शेखर बोस सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

झारखंड के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन न केवल राज्य बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है. अब सभी की निगाहें आगामी एशियन लॉन बॉलिंग चैम्पियनशिप पर टिकी हैं, जहां ये खिलाड़ी भारत के लिए पदक जीतकर राज्य का नाम और ऊंचा करने का प्रयास करेंगे.

Read more

Local News