Sunday, September 27, 2026

एशियन गेम्स 2026 में 11 साल की युकी कुरिहारा ने जीता गोल्ड मेडल, ई-स्पोर्ट्स में रचा इतिहास.

Share

स्पोर्ट्स डेस्क: एशियन गेम्स 2026 में जापान की 11 वर्षीय खिलाड़ी युकी कुरिहारा ने ई-स्पोर्ट्स में गोल्ड मेडल जीतकर खास उपलब्धि हासिल की है। जापान के प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाली युकी ने ई-स्पोर्ट्स के ‘पुयो पुयो’ इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। वह एशियन गेम्स के इतिहास में गोल्ड मेडल जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं।

इससे पहले एशियन गेम्स में सबसे कम उम्र में पदक जीतने का रिकॉर्ड इंडोनेशिया की स्केटर बंगा न्यामास के नाम था, जिन्होंने 12 साल की उम्र में पदक जीता था।

उम्र में दोगुने से ज्यादा बड़े खिलाड़ियों को दी चुनौती

युकी कुरिहारा ने ‘पुयो पुयो’ नाम के पजल गेम में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उनका सामना उनसे उम्र में काफी बड़े खिलाड़ियों से हुआ।

सेमीफाइनल में युकी का मुकाबला थाईलैंड के 28 वर्षीय तानाराक वोंगकित्तिकुन से हुआ। इसके बाद फाइनल में उन्होंने दक्षिण कोरिया के 24 वर्षीय खिलाड़ी के खिलाफ मुकाबला किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

एलिमेंट्री स्कूल के पहले साल से शुरू किया था गेम खेलना

युकी कुरिहारा जापान में एलिमेंट्री स्कूल की छात्रा हैं। उन्होंने स्कूल के पहले साल में ही ‘पुयो पुयो’ खेलना शुरू किया था। शुरुआत में यह उनके लिए सिर्फ एक सामान्य गेम था, लेकिन बाद में उन्होंने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू कर दिया।

प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए युकी ने अपने से काफी बड़ी उम्र के खिलाड़ियों के खिलाफ भी मुकाबले जीते।

भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी से भी छोटी हैं युकी

युकी की उम्र भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी से भी कम है। वैभव 15 साल के हैं, जबकि युकी की उम्र महज 11 साल है। वैभव भी एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं और भारत अपने अभियान की शुरुआत 28 सितंबर से करेगा।

हांगझोऊ 2023 में शुरू हुआ था ई-स्पोर्ट्स

एशियन गेम्स में ई-स्पोर्ट्स को पहली बार हांगझोऊ 2023 में शामिल किया गया था। उस समय भी इस प्रतियोगिता को लेकर दर्शकों में काफी रुचि देखने को मिली थी। जापान में भी ई-स्पोर्ट्स काफी लोकप्रिय है।

एशियन गेम्स 2026 में जापान का प्रदर्शन

मेजबान जापान एशियन गेम्स 2026 में अब तक शानदार प्रदर्शन कर रहा है। खबर लिखे जाने तक जापान ने कुल 142 पदक जीते हैं, जिनमें 33 गोल्ड, 54 सिल्वर और 55 ब्रॉन्ज शामिल हैं।

वहीं, चीन 191 पदकों के साथ शीर्ष पर है। भारत के खाते में अब तक 32 पदक हैं और वह पदक तालिका में 12वें स्थान पर है।

Read more

Local News