Monday, March 16, 2026

एमएस धोनी ने कोहली और रोहित के 2027 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर पहली बार अपनी राय रखी है.

Share

 टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा 2027 का वर्ल्ड कप स्क्वाड का हिस्सा होंगे या नहीं. ये सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है. इस सवाल पर कई पूर्व खिलाड़ी अपनी राय भी दे चुके हैं. अब इस सवाल का सामना टीम इंडिया के सबसे शांत रहने वाले कप्तान एमएस धोनी से हुआ तो पहले वो बचने की कोशिश की. लेकिन जब इवेंट के होस्ट जतिन सप्रू ने दोबारा पूछा तो धोनी ने भी अपनी राय रख दी और कहा कि मेरे लिए उम्र कोई मायने नहीं रखती है, जब तक आप फिट हैं और परफॉर्म कर रहे हैं तो आप खेल सकते हैं.

उम्र कोई पैमाना नहीं है
जब जतिन सप्रू ने धोनी से इस बारे में सवाल पूछा तो उन्होंने कहा, ‘क्यों नहीं? बात यह है कि कोई अगला वर्ल्ड कप क्यों नहीं खेलेगा? मेरे लिए, उम्र कोई पैमाना नहीं है. परफॉर्मेंस और फिटनेस जरूरी हैं. इसलिए, मुझे हमेशा लगता है कि किसी को कुछ नहीं बताया जाना चाहिए. लेकिन बात साफ होनी चाहिए. सबके साथ एक जैसा बर्ताव होना चाहिए. जब मैंने डेब्यू किया था, तब मैं 24 साल का था. कोई आकर मुझे कुछ नहीं बताया. तो अगर मैं भारत के लिए 1, 2, 5 या 10 साल तक खेल रहा हूं, तो किसी को आकर मुझे मेरी उम्र के बारे में बताने की जरूरत नहीं है. क्या उम्र कोई फैक्टर है? नहीं. फिटनेस? हां.

धोनी ने आगे कहा, ‘अगर आप 22 साल के हैं और फिट नहीं हैं, तो यह एक समस्या है. चाहे वह रोहित हो या विराट हो, या कोई और नाम जो सामने आते हैं. अगर कोई 30 साल का है, तो क्या वो अगला वर्ल्ड कप खेल सकता है या नहीं, यह तय करना हमारा और आप का काम नहीं है. यह उन्हें तय करना है जो खेल रहे हैं. अगर वे अच्छा प्रदर्शन करते रहते हैं, अगर उनमें अच्छा करने की चाह है, तो वो वर्ल्ड कप क्यों नहीं खेल सकते?’

बड़े मैच में अनुभवी खिलाड़ी बहुत जरुरी हैं
एमएस धोनी ने आगे कहा, ‘आपको अनुभवी लोग कैसे मिलते हैं? आपको 20 साल का कोई अनुभवी खिलाड़ी नहीं मिल सकता, जब तक कि वह सचिन तेंदुलकर न हो. 20 साल की उम्र में आपको अनुभव तभी मिल सकता है जब आप 16-17 साल की उम्र में खेलना शुरू करें. इंटरनेशनल क्रिकेट बहुत अलग है. तो अब अगर आपको एक्सपीरियंस चाहिए, तो आपको 30, 32, 33 साल के लोग ही मिलेंगे. अगर आप 20-25 गेम्स को एक्सपीरियंस मान रहे हैं, तो यह गलत है. अगर कोई परफॉर्म कर रहा है, तो उसको टीम में रहना चाहिए. अगर वो परफॉर्म नहीं कर रहा है, तो नहीं रहना चाहिए.’

2027 वर्ल्ड कप में रोहित-कोहली की उम्र क्या होगी?
कोहली 37 और रोहित 38 साल के हैं, और वो वर्ल्ड कप तक क्रमशः 38 और 49 साल के हो जाएंगे. धोनी खुद 39 साल की उम्र तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेले, उन्होंने अपना आखिरी मैच 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेला था, जिसमें भारत हार गया था. जबकि सचिन तेंदुलकर ने 40 साल तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेला.

बात दें रोहित और कोहली T20I और टेस्ट से रिटायर हो चुके हैं, और वे अब सिर्फ एक फॉर्मेट खेलते हैं, जिसमें दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. पिछले सात वनडे में कोहली ने 616 रन बनाए हैं, और रोहित ने अपने पिछले 10 मैचों में 401 रन बनाए हैं. जहां तक फिटनेस की बात है तो कोहली अब भी ग्राउंड में सबसे फुर्तीले है और रोहित ने भी अपना 10 केजी वजन कम किया है और दोनों खिलाड़ियों का लक्ष्य 2027 वर्ल्ड कप खेलना है.

Read more

Local News