सरायकेला: नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) जमशेदपुर के परिसर में सोमवार को कोल्हान क्षेत्र के पहले ‘जेन-जेड’ (Gen-Z) डाकघर का भव्य उद्घाटन किया गया. यह अत्याधुनिक पोस्ट ऑफिस अब छात्रों और कर्मचारियों को एक नया डिजिटल और सुविधा संपन्न अनुभव प्रदान करेगा.
छात्रों को मिलेगा लाभ
डाकघर का उद्घाटन एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक, प्रो. गौतम सूत्रधर और वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस मौके पर निदेशक प्रो. सूत्रधर ने अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि पहले की तुलना में अब इस परिसर में सुरक्षा और सुविधाओं का काफी विस्तार हुआ है. उन्होंने जोर देकर कहा कि नवीनीकरण (रिनोवेशन) के बाद यह नया डाकघर किसी कॉर्पोरेट ऑफिस से कम नहीं है, जिससे संस्थान के छात्रों को इसका भरपूर लाभ मिल सकेगा.
इसमें एक विशेष छात्र-अनुकूल स्पेस शामिल है
वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने इस परियोजना को कोल्हान का बहुप्रतीक्षित सपना बताते हुए कहा कि डाकघर का संपूर्ण आधुनिकीकरण किया गया है. उन्होंने बताया कि इसमें डिजिटल पेंटिंग्स, आधुनिक उपकरण और एक विशेष छात्र-अनुकूल स्पेस शामिल है.
उनका लक्ष्य है कि यह पोस्ट ऑफिस केवल डाक सेवाओं तक ही सीमित न रहे, बल्कि यह छात्रों को ऐसा अनुभव प्रदान करे जो उन्हें अब तक किसी सरकारी दफ्तर में देखने को नहीं मिला है.

डिजिटल जरूरतों को पूरा करेगाः वरिष्ठ डाक अधीक्षक
यह Gen-Z पोस्ट ऑफिस पूरी तरह से डिजिटल उपकरणों से लैस है, जो इसे टेक्नोलॉजी के मामले में एडवांस्ड बनाता है. इस पहल से न केवल डाक सेवाओं में गति और पारदर्शिता आएगी, बल्कि यह एनआईटी जमशेदपुर परिसर को एक आधुनिक और डिजिटल हब के रूप में भी स्थापित करेगा. उद्घाटन समारोह में कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र के कई डाककर्मी और एनआईटी कॉलेज के कर्मचारी मौजूद थे. यह नया डाकघर अब संस्थान के छात्रों की डिजिटल जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.


