रांची: ग्रीस की राजधानी एथेंस के सनेल स्टेडियम में आयोजित छठी एक्रोपोलिस अंतरराष्ट्रीय वुशु ओपन प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 23 पदक अपने नाम किए. इस उपलब्धि में झारखंड के शौर्य सिंह ने भी अहम योगदान देते हुए कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया.
प्रतियोगिता में कुल 22 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां भारतीय दल ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 7 स्वर्ण, 11 रजत और 5 कांस्य पदक हासिल किए. यह प्रदर्शन भारतीय वुशु के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को दर्शाता है.
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 35 सदस्यीय भारतीय दल ने भाग लिया, जिसमें खिलाड़ी, कोच और मैनेजर शामिल थे. झारखंड वुशु एसोसिएशन के उदय साहू भारतीय दल के मैनेजर के रूप में जुड़े रहे, जबकि शिवेंद्र दुबे प्रतियोगिता के ऑब्जर्वर थे.
झारखंड के शौर्य सिंह इस प्रतियोगिता में राज्य के इकलौते खिलाड़ी थे. उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता और यह साबित किया कि झारखंड के खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं. उनके इस प्रदर्शन से राज्य के खेल प्रेमियों और वुशु खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में सबिनी मुंडा (-42 किग्रा), ज्योति (-56 किग्रा), अनुष्का, यश कादयान (-65 किग्रा), कैलाश, निखिल कुमार (-70 किग्रा), यश नामदेव और अनायरा कालरा (डबल वेपन रूटीन – ताओलू) शामिल रहे.
वहीं रजत पदक विजेताओं में अंजलि (60 किग्रा), किरण (-65 किग्रा), मंजू मुंडा (-56 किग्रा), ऋतिक कौशिक (-80 किग्रा), शिजेन मन्नो (52 किग्रा), गौरव (-56 किग्रा एलएस), कुणाल शर्मा (-56 किग्रा जूनियर), रोहित (+90 किग्रा), सुरेन्द्र सिंह (-60 किग्रा), दुर्गेश्वर सिंह (-90 किग्रा), अंकुश (-85 किग्रा) और शिवम भाटी (ताओलू) शामिल हैं.
कांस्य पदक जीतने वालों में ऋतु, कुणाल (-60 किग्रा यूथ), राघवेंद्र सिंह (-85 किग्रा), झारखंड के शौर्य सिंह (-30 किग्रा) और अनैराह कालरा (नान टाइप इवेंट – ताओलू) शामिल हैं.
शौर्य सिंह के रांची लौटने पर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया. इस मौके पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच और खेल पदाधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने शौर्य की इस उपलब्धि पर गर्व जताया.
भारतीय खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मधुकांत सहित झारखंड वुशु एसोसिएशन के कई पदाधिकारियों शैलेन्द्र दुबे, चंचल भट्टाचार्य, सुनील सूर्यात, उदय साहू, विभूति भूषण अमर, डॉ. अंशु साहू, डॉ. उदीप लाल, मनोज कुमार महतो, शैलेन्द्र कुमार, प्रियदर्शी अमर, मिथिलेश साहू, डॉ. कविता सिंह, मनोज साहू, सुनील यादव, रत्नेश कुमार, रंजीत कुमार, अनिका सिंह, अमासी बारला, संजय मंडल और अमरेंद्र दत्त द्विवेदी ने खुशी जाहिर की है.
पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भारतीय वुशु के लिए गर्व का विषय है और आने वाले समय में भी खिलाड़ी इसी तरह देश का नाम रोशन करते रहेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करती हैं और राज्य में ताओलू स्पर्धाओं को नई दिशा देने में सहायक साबित होंगी.


