अरगोड़ा थाना क्षेत्र में एडीजी तदाशा मिश्र के घर में चोरी हुई जिससे दस लाख का नुकसान हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आशंका है कि नशेड़ियों ने इस घटना को अंजाम दिया। वहीं इटकी थाना पुलिस ने साढ़े आठ लाख रुपये के तार चोरी के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है और चोरी किए गए तार भी बरामद कर लिए हैं।
रांची। अरगोड़ा थाना में पुलिसकर्मी प्रकाश आले के बयान पर एडीजी तदाशा मिश्र के घर के अंदर का सामान क्षतिग्रस्त और चोरी होने के मामले में केस किया है।
प्रकाश आले ने पुलिस को बयान दिया है कि सिविल सर्विसेज कॉपरेटिव सोसायटी लिमिटेड अशोक नगर स्थित मकान संख्या 457ए में घटना हुई है। प्रकाश आले तदाशा मिश्र के कार्यालय में कार्यरत है।
प्रकाश अशोक नगर स्थित एडीजी के मकान का ताला खोलने के बाद घर के अंदर गया तो देखा कि मकान में लगे सभी बिजली वायरिंग उपकरण, मेन स्वीच, बिजली मीटर, पंखा, 4 कुर्सी बाथरूम में लगे सेनिटरी फिटिंग्स तथा बेसिन, कम्बोर्ड, फल्श, मिरर को नष्ट कर दिया गया है और चोरी कर लिया गया है
दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में कई लोगों से पूछताछ किया।
पुलिस आशंका जता रही है कि नशेड़ियों के द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया होगा। इससे पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है । पिछली बार भी पुलिस से शिकायत की गई थी लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर पाई।
सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
पुलिस का कहना है कि इस मामले में केस करने के बाद अशोक नगर में कई जगहों पर लगे हुए सीसीटीवी का कैमरा खंगाला जा रहा है। ताकि यह पता चल सके कि किसके द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है।
अशोक नगर में रहने वाले कई लोगों का कहना था कि पुलिस की गश्ती नहीं होने की वजह से कई जगहों पर अड्डेबाजी होती है। अड्डेबाजी के दौरान कई बार मारपीट की घटना भी हुई है। इसके बाद भी पुलिस सक्रिय नहीं होती है।
साढ़े आठ लाख रुपये का तार चोरी कर भागने के मामले में तीन गिरफ्तार
इटकी थाना की पुलिस से साढ़े आठ लाख रुपये का तार चोरी कर भागने के मामले में तीन युवक दीपक,सुखदेव और दीपू को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपितों के पास से एलटीएबी तार आटो और कटर बरामद किया गया है। आरोपितों से पूछताछ की गई तो उनके निशानदेही पर लोहरदगा स्थित राजा कबाड़ी के दुकान में छापेमारी कर एक बंडल चोरी किया हुआ तार बरामद किया गया।
इसके अलावा पुंदाग में भी छापेमारी कर तार बरामद किया गया। इस गिरोह के द्वारा मुख्य रूप से रांची, गुमला, लोहरदगा जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बिजली का तार चोरी किया जाता था।
कुछ माह से बेडो, नरकोपी, इटकी, मांडर, रातु और गुमला और लातेहार जिले में तार खपाया गया हैं। इस गिरोह में और भी अपराधी शामिल हैं। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।


