मुंबई: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. मुंबई स्थित एक सिख संगठन ने फिल्म के पोस्टर और एक खास सीन पर आपत्ति जताते हुए शिकायत दर्ज कराई है. यह शिकायत महाराष्ट्र के सिखों के समूह के अध्यक्ष सरदार गुरज्योत सिंह ने दर्ज कराई है. संगठन ने चिंता व्यक्त की है कि फिल्म से जुड़े सीन और कंटेंट सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं.
अहम आपत्ति उस पोस्टर से संबंधित है, जिसमें रणवीर सिंह को पारंपरिक सिख पोशाक में, पगड़ी, दाढ़ी और कड़ा पहने हुए, सिगरेट पकड़े हुए दिखाया गया है. शिकायतकर्ताओं का तर्क है कि सिख धर्म में इन धार्मिक प्रतीकों का गहरा आध्यात्मिक महत्व है और धूम्रपान के इसे दिखाना अपमानजनक है.
ईटीवी भारत से बात करते हुए सरदार गुरज्योत सिंह ने कहा, ‘पोस्टर जारी होते ही हमने शिकायत दर्ज करा दी गई थी. यह चीज बर्दाश्त से बाहर है और सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है’.
पोस्टर के अलावा, शिकायत में अभिनेता आर. माधवन से जुड़े एक सीन पर भी आपत्ति जताई गई है. इस सीन में उनका किरदार गुरबानी की एक पंक्ति का पाठ करते हुए धूम्रपान करता हुआ दिखाई देता है, ‘सूरा सो पाचनिये जो लदे दिन के हेत, पुरजा पुरजा कट मारे, कबु न छोड़े खेत’. यह लाइन गुरु गोविंद सिंह से जुड़ी है और दशम ग्रंथ का हिस्सा है.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सरदार गुरज्योत सिंह ने कहा, ‘धूम्रपान करते हुए गुरबानी का पाठ करना हमारे धर्म का अपमान है. इस तरह का सीन बर्दाश्त नहीं किया जा सकता’.
संगठन ने विवादित पोस्टर को तुरंत हटाने और फिल्म से उस दृश्य को हटाने की मांग की है. उन्होंने आवश्यक सुधार होने तक फिल्म की स्क्रीनिंग को अस्थायी रूप से रोकने का भी आह्वान किया है.
ईटीवी भारत के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘हम मांग करते हैं कि पोस्टर हटाया जाए और वह सीन फिल्म से निकाला जाए. अन्यथा, सिख समुदाय आक्रामक रुख अपनाएगा.
शिकायत में फिल्म के अभिनेता, निर्देशक और निर्माताओं समेत सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है. फिलहाल, धुरंधर: द रिवेंज के निर्माताओं ने इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. फिल्म 19 मार्च, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है.


