Thursday, March 26, 2026

एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की हथौड़े से मारकर कर दी हत्या

Share

मामूली विवाद पर अपने दोस्त के सिर पर हथौड़ा मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि दोनों दोस्तों के बीच आपस में झगड़ा हुआ था. झगड़े के दौरान आरोपी को चोट लग गई थी. ऐसे में दोस्त (मृतक) उसे इलाज के लिए अपनी स्कूटी से अस्पताल ले जाने लगा, लेकिन रास्ते में आरोपी ने पीछे से स्कूटी चालक दोस्त (मृतक) के सिर पर हथौड़ा मार दिया. जिससे उसकी मौत हो गई.

दरअसल, आज यानी 4 जुलाई को डालनवाला पुलिस थाने में सूचना मिली थी कि परेड ग्राउंड के पास एक व्यक्ति ने स्कूटी पर जाते समय स्कूटी चला रहे व्यक्ति के सिर पर पीछे से हथौड़े से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया है. इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को हिरासत में लिया.

वहीं, स्कूटी चालक घायल व्यक्ति को इलाज के लिए दून अस्पताल भिजवाया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, मृतक के भाई राहुल साहू की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया. जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, मामले में कोतवाली डालनवाला प्रभारी मनोज मैनवाल ने घटना के बारे में पूरी जानकारी दी.

पूछताछ में बिहार के छपरा निवासी आरोपी शिबरन ने बताया कि वो और झारखंड के हजारीबाग निवासी संतोष साहू आपस में दोस्त थे. संतोष ठेली लगाने का काम करता था. जबकि, वो (शिबरन) मिस्त्री का काम करता है. घटना से पहले किसी बात को लेकर उसकी दून क्लब के पास संतोष से विवाद हो गया था. उस दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हो गई थी.

वहीं, मामला बिगड़ने पर संतोष के भाई राहुल साहू ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया. बीच-बचाव के दौरान संतोष के भाई के कड़े से आरोपी की चेहरे पर हल्की चोट आ गई थी. जिस पर संतोष उसे अपनी स्कूटी से उपचार के लिए अस्पताल ले जाने लगा.

थोडी ही दूर जाने पर आरोपी शिबरन ने अपने पास रखे हथौड़े से उसके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया. जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी. अब आरोपी शिबरन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है

Read more

Local News