Thursday, February 12, 2026

उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अवैध होर्डिंग और पार्किंग के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।

Share

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पटना में अवैध होर्डिंग और पार्किंग के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया है। उन्होंने उच्च न्यायालय के विचाराधीन मामलों को छोड़कर सभी अवैध होर्डिंग 24 घंटे में हटाने का निर्देश दिया। सिन्हा ने अवैध पार्किंग को भी तुरंत बंद करने को कहा, जिससे राज्य को करोड़ों का राजस्व नुकसान हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों से 15 दिन पुराने आदेश पर हुई प्रगति की रिपोर्ट भी मांगी।

पटना। उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अवैध होर्डिंग और पार्किंग के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।

उन्होंने स्पष्ट आदेश दिया है कि उच्च न्यायालय में लंबित मामलों को छोड़कर पटना शहर के शेष सभी अवैध होर्डिंग 24 घंटे के भीतर हटा दिए जाएं। जगह-जगह चल रही अवैध पार्किंग को भी तत्काल प्रभाव से बंद कराने का निर्देश दिया गया है। 

नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने सख्त शब्दों में कहा कि अवैध होर्डिंग और अवैध पार्किंग के नाम पर चल रही माफियागिरी अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसमें जो भी व्यक्ति या समूह संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अफसरों से कहा-20 मामले हाईकोर्ट में लंबित

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों से पूछा कि लगभग 15 दिन पूर्व विभाग के स्तर से जारी आदेश के आलोक में क्या कार्रवाई हुई?

अधिकारियों ने बताया कि अब तक 18 अवैध होर्डिंग हटाए जा चुके हैं और आगे की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों ने इससे भी अवगत कराया कि पटना में अवैध होर्डिंग के लगभग 20 मामले उच्च न्यायालय में लंबित हैं।

इस पर उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इन मामलों की शीघ्र सुनवाई के लिए महाधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय से अनुरोध किया जाए, ताकि कार्रवाई में विलंब न हो।

सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राजस्व संरक्षण और शहरी व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में सख्त और निर्णायक कदम है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा की जाए।

Table of contents [hide]

Read more

Local News