रांची: उप श्रमायुक्त अविनाश कृष्ण की उपस्थिति में मंगलवार को रांची नगर निगम के मजदूरों के बोनस भुगतान के लिए त्रिपक्षीय समझौता हुआ है. इस समझौते को मजदूरों के हित में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, क्योंकि इसके तहत पहली बार नगर निगम के मजदूरों को बोनस का लाभ मिलेगा.
समझौता पत्र पर मजदूरों की ओर से झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन रांची के अध्यक्ष और प्राधिकृत प्रतिनिधि भवन सिंह और झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन रांची के सचिव सुखनाथ लोहरा ने हस्ताक्षर किए हैं. वहीं, नियोक्ता पक्ष की ओर से मेसर्स स्वच्छता कॉरपोरेशन, बेंगलुरु के राजशेखर रेड्डी, महाप्रबंधक एवं जी. गांधी, प्रोजेक्ट मैनेजर ने समझौते पर हस्ताक्षर किए. उप श्रमायुक्त ने त्रिपक्षीय समझौता संपन्न होने के बाद इसकी प्रति दोनों पक्षों को सौंप दी.
- समझौते के अनुसार वर्ष 2024–25 के लिए बोनस भुगतान की व्यवस्था की गई है. दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 में कार्यरत मजदूरों को 2000 रुपये प्रति कामगार की दर से बोनस दिया जाएगा. जिसका भुगतान दो किस्तों में किया जाएगा. यह राशि क्रमशः दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के वेतन के साथ मजदूरों को मिलेगी. वहीं, फरवरी और मार्च 2025 में कार्यरत मजदूरों को 1000 रुपये बोनस का भुगतान दिसंबर 2025 के वेतन के साथ किया जाएगा.
- इस मौके पर झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह ने कहा कि यूनियन के निरंतर प्रयास और संघर्ष के कारण रांची नगर निगम के मजदूरों को पहली बार बोनस भुगतान का अधिकार मिला है. उन्होंने इसे मजदूर एकता की जीत बताते हुए कहा कि आगे भी मजदूरों के अन्य अधिकारों के लिए यूनियन संघर्ष जारी रखेगा.
मजदूरों ने किया समझौते का स्वागत
मजदूरों ने इस समझौते का स्वागत करते हुए इसे आर्थिक राहत देने वाला कदम बताया है. श्रमिक संगठनों का मानना है कि यह समझौता भविष्य में नगर निगम के अन्य श्रमिक अधिकारों के लिए भी मार्ग प्रशस्त करेगा.


