इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मैच में आज (31 मई) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने सामने होंगी. दोनों ही टीमों ने पूरे सीजन शानदार खेल का प्रदर्शन करके यहां तक पहुंची है. लीग मैच RCB और GT ने 14 मैचों में 18-18 पॉइंट्स के साथ टॉप टू पर रहीं. लेकिन बेहतर नेट रन रेट की वजह आरसीबी गुजरात से ऊपर थी.
इन दोनों टीमों के बीच इस सीजन कुल तीन मैच खेले गए, जिसमें आरसीबी 2-1 से आगे है. अब सीजन के फाइनल मैच में दोनों टीमें एक बार फिर आमने सामने हैं. लेकिन क्या आज बारिश फाइनल मैच का मजा किरकिरा कर देगी? यही सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है.
RCB vs GT: अहमदाबाद का पूर्वानुमान
RCB vs GT फाइनल मैच में बारिश की संभावना बहुत कम है. Accuweather के अनुसार, अहमदाबाद में मौसम का पूर्वानुमान काफी अच्छा है और ऐसी कोई संभावना नहीं दिख रही कि बारिश की वजह से मैच में कोई बड़ी रुकावट आएगी. रविवार शाम को बारिश होने की संभावना सिर्फ 2 प्रतिशत है, जबकि दिन का ज्यादातर समय धूप खिली रहने की उम्मीद है. इस वजह से आज का मौसम खिलाड़ियों के लिए गर्म और चुनौतीपूर्ण होगा. अहमदाबाद का अधिकतम तापमान लगभग 41°C और न्यूनतम तापमान लगभग 31°C तक रहने की संभावना है. मैच के दौरान बारिश का कोई खतरा नहीं है. इसलिए दर्शकों को पूरा मैच देखने को मिल सकता है.
RCB vs GT पिच रिपोर्ट
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच तेज गेंदबाजों के लिए काफी मददगार साबित होगी, खासकर नई गेंद से गेंदबाजी करते समय पिच से स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की उम्मीद है. उसके बाद बीच के ओवर में अगर पिच धीमी हो जाती है, तो फिर स्पिनरों का भी रोल अहम हो सकता है. दूसरा पारी के दौरान ओस पड़ने की भी संभावना है. इसलिए टॉस जीतने वाली टीमें पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती हैं, क्योंकि शुरुआत में गेंदबाजों को मदद मिलेगी और फिर ओस के कारण चेज करने में आसानी भी होगी.
RCB बन जाएगी चैंपियन
सवाल यह उठता है कि अगर बारिश की वजह से फाइनल मैच रुक जाए या रद्द हो जाए तो क्या होगा? अच्छी बात यह है कि दूसरे नॉकआउट मैचों के उलट, IPL फाइनल के लिए एक ‘रिजर्व डे’ (अतिरिक्त दिन) उपलब्ध होता है. अगर बारिश या किसी और रुकावट की वजह से मैच पहले दिन पूरा नहीं हो पाता है, तो अगले दिन मैच वहीं से शुरू होगा जहां रविवार को रुका था. इस बात की संभावना बहुत कम है कि मैच रिजर्व डे पर भी पूरा न हो पाए, लेकिन अगर ऐसा होता है, तो फिर RCB को लीग स्टेज की पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर रहने की वजह से IPL चैंपियन घोषित कर दिया जाएगा.
RCB vs GT: किस टीम का पलड़ा भारी?
दोनों ही टीमें काफी मजबूत है. आरसीबी जहां बल्लेबाजी में काफी मजबूत नजर आती है तो वहीं गुजरात की गेंदबाजी काफी ज्यादा मजबूत है. आंकड़ों के हिसाब से आरसीबी हेड टू हेड रिकॉर्ड में गुजरात से थोड़ा आगे हैं. दोनों के बीच अब तक हुए 9 मैच में आरसीबी ने 5 मैच जीते हैं जबकि गुजरात ने चार मैच में जीत दर्ज की है. इसके अलावा इस सीजन दोनों के बीच तीन मैच हुए हैं जिसमें आरसीबी ने दो में जीत दर्ज करने में सफल रही. इस हिसाब से आरसीबी का पलड़ा गुजरात पर भारी पड़ता हुआ नजर आ रहा है.
GT vs RCB: दोनों टीमों की संभावित-11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, जैकब डफी.
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, राहुल तेवतिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.


