Tuesday, April 7, 2026

आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” अभियान की शुरुआत 21 नवंबर से पलामू से होने वाली थी,अब इसकी जगह “सेवा अधिकार सप्ताह” की शुरुआत की जाएगी.

Share

पलामूः “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” अभियान की शुरुआत 21 नवंबर से पलामू से होने वाली थी. अब इसकी जगह “सेवा अधिकार सप्ताह” की शुरुआत की जाएगी.

सेवा अधिकार सप्ताह आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार अभियान की तरह ही कार्य करेगा. यह अभियान 21 नवंबर से 28 नवंबर तक चलाया जाएगा. झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम 2011 के तहत यह अभियान चलाया जाना है. आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम भी सेवा गारंटी अधिनियम के तहत चलाया जा रहा था.

आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार अभियान की शुरुआत शुक्रवार से पलामू के लेस्लीगंज से होने वाली थी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अभियान की शुरुआत करने वाले थे, लेकिन गुरुवार को उनके कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है. उनकी जगह वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर इस अभियान की शुरुआत करेंगे.

बदला गया कार्यक्रम का नाम, पत्र जारी

गुरुवार की देर शाम अभियान का नाम बदलकर सेवा का अधिकार सप्ताह कर दिया गया. इस संबंध में झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने सभी अपर मुख्य सचिव, सरकार के सभी प्रधान सचिव, सरकार के सभी सचिव, सभी प्रमंडलीय आयुक्त और सभी उपायुक्त को पत्र लिखा है. पत्रांक संख्या 1404 के माध्यम से सेवा अधिकार सप्ताह कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी गई है.

7 नवंबर को जारी आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार से संबंधित पत्र को संशोधित समझने की बात कही गई है. पलामू जिला प्रशासन ने सेवा अधिकार सप्ताह कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली है. लेस्लीगंज में आयोजित होने वाली इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सरकारी कर्मियों और पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है.

Read more

Local News