आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर झारखंड की 42 हजार सहियाओं को 24-24 हजार रुपये मिलेंगे। यह राशि उनके मासिक पारिश्रमिक 2,000 रुपये के हिसाब से एक वर्ष की है
रांची। आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झारखंड के 42 हजार सहिया के खाते में 24-24 हजार रुपये जाएंगे। सहिया को प्रतिमाह मिलने वाले दो-दो हजार रुपये पारिश्रमिक के तहत ही एक वर्ष की राशि दी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने विधानसभा में विधायक निर्मल महतो के एक सवाल के जवाब के क्रम में इसकी जानकारी दी। विधायक ने पारिश्रमिक की राशि दो हजार से बढ़ाकर दस हजार करने की मांग की थी, विधायक स्टीफन मरांडी ने भी कहा कि सहिया को कम से कम मइयां सम्मान योजना से अधिक राशि मिले
जवाब में मंत्री ने कहा कि सहिया को पारिश्रमिक के अलावा उनके कार्यों के आधार पर इंसेंटिव भी मिलता है, कुल मिलाकर सहिया दस से बारह हजार रुपए कमा लेती हैं।


