इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 21वें मैच में आज (13 अप्रैल) राजस्थान रॉयल्स (RR) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा. ये मैच शाम 7:30 बजे से हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. राजस्थान अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है और वो चार मैच जीतकर अंक तालिका में पहले नंबर पर बने हुए हैं. वहीं हैदराबाद 4 मैच में केवल एक जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में 7वें स्थान पर हैं.
ओपनिंग जोड़ी पर रहेगी नजर
आज के मैच में सबकी नजर दोनों टीमों की ओपनिंग जोड़ी पर रहेगी. क्योंकि जहां एक तरफ वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल राजस्थान को शानदार और तेज शुरुआत देकर मैच का रुख पावरप्ले में तय कर देते हैं तो वहीं अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड भी अपनी टीम को तेज शुरुआत देने के लिए जाने जाते हैं. ये दोनों बल्लेबाज जब चलते हैं तो फिर हैदराबाद को हराना मुश्किल हो जाता है. हालांकि इस सीजन वैभव और जायसावाल की जोड़ी जबरदस्त फॉर्म में है और वो अब तक खेले गए चारों मैच में 50 प्लस की साझेदारी करके टीम को अच्छी शुरुआत दे चुके हैं. वहीं अभिषेक और हेड की जोड़ी इस सीजन ऑन और ऑफ रही है. जिसका असर उनके मैच पर भी पड़ा है.
SRH vs RR: हेड टू हेड
हैदराबाद और राजस्थान अब तक कुल 21 बार आमने सामने आए हैं. जिसमें हैदराबाद 12 मैच जीतकर अपना दबदबा बनाए हुए है. वहीं राजस्थान रॉयल्स ने 21 में से 9 मैच में जीत दर्ज की है. राजस्थान 2024 से हैदराबाद के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत सकी है.
SRH vs RR: दोनों टीमों का स्क्वाड
सनराइजर्स हैदराबाद: ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, अनिकेत वर्मा, स्मरण रविचंद्रन, सलिल अरोड़ा, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस, लियाम लिविंगस्टोन, कामिंडु मेंडिस, क्रेन्स फुलेट्रा, ब्रायडन कार्से, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, शिवम मावी, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा, डेविड पायने, हर्ष दुबे, अमित कुमार, जीशान अंसारी.
राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिम्रोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, रवींद्र जडेजा, दासुन शनाका, एडम मिल्ने, ब्रिजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नंद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा.


