आईपीएल 2026 में आज (19 मई) जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा. प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण है. टीम को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, क्योंकि एक और हार उसके लिए मुश्किलें बढ़ा सकती है.
खास बात यह है कि राजस्थान रॉयल्स इस सीजन अपने घरेलू मैदान जयपुर में अब तक एक भी मुकाबला जीतने में सफल नहीं हुई है, ऐसे में टीम अपने घरेलू दर्शकों के सामने जीत का सूखा खत्म करके प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी. राजस्थान फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है. उसके 12 मचै में 6 जीत और 6 हार के साथ 12 पॉइंट्स हैं. वहीं LSG इस समय पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है. उन्होंने अब तक 12 मैच में केवल चार मैच ही जीत सके हैं.
हेड-टू-हेड
दोनों टीमों के बीच अब तक आईपीएल में कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें राजस्थान रॉयल्स का पलड़ा भारी रहा है. राजस्थान ने 5 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को 2 मुकाबलों में सफलता मिली है. ऐसे में आंकड़े राजस्थान के पक्ष में जरूर हैं, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है.
वैभव को रोकने के लिए खास रणनीति
मैच से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने कहा कि उनकी टीम राजस्थान को कड़ी टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा कि राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव और स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन उन्हें रोकने के लिए लखनऊ के पास स्पष्ट रणनीति और विशेष योजना तैयार है. अरुण ने विश्वास जताया कि उनकी गेंदबाजी इकाई इस चुनौती का सामना करने में सक्षम है.

कई युवा फिनिशर सामने आ रहे हैं
भरत अरुण ने भारतीय क्रिकेट में उभरते मैच फिनिशर्स की भी तारीफ की. खासकर मुकुल की तारीफ करते हुए कहा कि मुकुल बहुत अच्छे और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं. भारत की सबसे अच्छी बात यह है कि अब कई युवा फिनिशर सामने आ रहे हैं. पहले हम मैच खत्म करने के लिए विदेशी खिलाड़ियों पर निर्भर रहते थे, लेकिन अब यह टूर्नामेंट भारतीय खिलाड़ियों को भी मौका दे रहा है. अगर मुकुल इसी तरह प्रदर्शन करते रहे, तो वह शीर्ष फिनिशरों में शामिल हो सकते हैं.
वही अरुण ने प्रिंस यादव की तारीफ करते हुए कहा कि उस खिलाडी ने बहुत मेहनत की है. एक तेज गेंदबाज के लिए सही तरीके से मेहनत करना बेहद जरूरी होता है. तेज गेंदबाज एक रेस हॉर्स की तरह होता है, जिसे सही दिशा और प्रशिक्षण की जरूरत होती है.
RR प्लेऑफ सेनारियो (RR Playoff Scenario)
IPL 2026 के प्लेऑफ के लिए तीन टीमों (RCB, GT, SRH) ने क्वालीफाई कर लिया है. लेकिन एक स्थान के लिए पांच टीमें अभी भी मैदान में हैं, जिसमें से राजस्थान रॉयल्स के पास क्वालीफाई करने का सबसे अच्छा चांस है, क्योंकि उसके दो मैच बचे हैं. अगर वो अपने बचे हुए दोनों मैच जीत जाती है, तो वह 16 पॉइंट्स के साथ प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन जाएगी.
हालांकि, अगर वह एक मैच जीतती है और एक हार जाती है, तो क्वालिफिकेशन का समीकरण थोड़ा पेचीदा हो जाएगा. ऐसी स्थिति में, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स पॉइंट्स के मामले में 15 अंक हासिल करके उससे आगे निकल सकते हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स भी 14 पॉइंट्स के साथ उसके बराबर पहुंच सकते हैं, जिससे नेट रन रेट की भूमिका अहम हो जाएगी.
अगर राजस्थान अपने बचे हुए दोनों मैच हार जाती है, तो वह 12 पॉइंट्स पर ही रह जाएगी और टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.
राजस्थान के बचे हुए मैच
- 19 मई: राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपरजायंट्स
- 24 मई: राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस
दोनों टीमों की संभावित-11
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), रवींद्र जडेजा, डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, एडम मिल्ने, ब्रिजेश शर्मा.
लखनऊ सुपरजाइंट्स: मिशेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, एडेन मार्कराम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), मुकुल चौधरी, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव.


