Sunday, April 5, 2026

आईआईटी आईएसएम धनबाद में इंवेंटिव 2026 का आयोजन होने जा रहा है.

Share

धनबाद:नवाचार और शोध को नई दिशा देने की पहल के तहत धनबाद के आईआईटी आईएसम Indian Institute of Technology (Indian School of Mines) में 6 और 7 अप्रैल को “इंवेंटिव 2026” के चौथे संस्करण का आयोजन होने जा रहा है. इस कार्यक्रम का मकसद देश में “रिसर्च से इंपैक्ट” की प्रक्रिया को तेज करना और “भारत इनोवेट्स 2026” के लिए नए विचारों और तकनीकों को प्रोत्साहन देना है.

इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देश के पांच प्रमुख आईआईटी—IIT (BHU) Varanasi, IIT (ISM) Dhanbad, IIT Patna, IIT Kharagpur और IIT Bhubaneswar के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया जा रहा है, जिसकी मेजबानी आईआईटी (आईएसएम) धनबाद कर रहा है.

अलग-अलग थीम पर होगा प्रजेंटेशन

आयोजन को प्रभावी बनाने के लिए सभी संस्थानों को अलग-अलग थीम सौंपी गई है, जिन पर उनके शोधकर्ता अपने इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स और रिसर्च का लाइव प्रदर्शन करेंगे. 6 अप्रैल से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में कई स्टार्टअप्स भी हिस्सा लेंगे और अपने नए आइडियाज को प्रस्तुत करेंगे.

“इंवेंटिव 2026” रिसर्च और इंडस्ट्री के बीच मजबूत कड़ी बनाने का एक अहम प्लेटफॉर्म है. इससे पहले इसका सफल आयोजन IIT Bombay में हो चुका है. इस मंच से चयनित स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रोजेक्ट्स पेश करने का अवसर मिलेगा, जहां निवेशकों के साथ सीधा संवाद और साझेदारी की संभावनाएं भी बनेंगी.

यह पहल “भारत इनोवेट्स” कार्यक्रम से जुड़ी है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच से प्रेरित है. “इंवेंटिव” के तहत सामने आने वाले नवाचारों को आगे “भारत इनोवेट्स” के मंच पर स्थान दिया जाएगा.

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने इस आयोजन के लिए पांच प्रमुख क्षेत्रों को केंद्र में रखा है. जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मटेरियल साइंस, हेल्थकेयर, अर्थ साइंस और सेमीकंडक्टर शामिल है. इन क्षेत्रों में हो रहे शोध को व्यावहारिक रूप देने पर विशेष जोर रहेगा.

राज्यपाल करेंगे कार्यक्रम में शिरकत

कार्यक्रम का उद्घाटन 6 अप्रैल को दोपहर 12:30 बजे झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे. अब तक देश के 23 आईआईटी में से 15 संस्थानों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है.यह जानकारी आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक सुकुमार मिश्रा ने दी.

Read more

Local News