देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शुमार IIT-ISM ने एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपनी उत्कृष्टता का परचम लहराया है. इंस्टीट्यूट ने QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स बाई सब्जेक्ट 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए मिनरल और माइनिंग इंजीनियरिंग की दुनिया में 21वीं रैंकिंग हासिल की. इस क्षेत्र में संस्थान लगातार देश में नंबर-1 बना हुआ है, जो इसकी एकेडमिक मजबूती और रिसर्च गुणवत्ता को दर्शाता है.
यह उपलब्धि गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत
रैंकिंग के अन्य क्षेत्रों में भी संस्थान ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है. पेट्रोलियम इंजीनियरिंग में IIT (ISM) को देश में चौथा स्थान मिला है, जबकि वैश्विक स्तर पर इसे 151–175 रैंक बैंड में रखा गया है. वहीं मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पहली बार इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में जगह बनाई है, जिसमें संस्थान को 501–575 के वैश्विक रैंक बैंड में स्थान मिला है. यह उपलब्धि नए एकेडमिक क्षेत्रों में संस्थान के विस्तार और गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत देती है.
IIT (ISM) धनबाद ने अपनी जगह मजबूत की है
क्षेत्रीय स्तर पर भी IIT (ISM) धनबाद की स्थिति मजबूत हुई है. क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग–साउथ एशिया 2026 में संस्थान को 110वां स्थान मिला है, जो इसकी बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है.
संस्थान के निदेशक सुकुमार मिश्रा ने इस उपलब्धि पर कहा कि माइनिंग इंजीनियरिंग में देश में शीर्ष स्थान बनाए रखना और वैश्विक स्तर पर 21वीं रैंक हासिल करना संस्थान की निरंतर मेहनत और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है. उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम इंजीनियरिंग में बेहतर प्रदर्शन और मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पहली एंट्री संस्थान के लिए गर्व की बात है, और आगे भी शिक्षा, शोध व नवाचार को और सशक्त बनाने पर जोर दिया जाएगा.
संस्थान देश और दुनिया में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है
उल्लेखनीय है कि IIT (ISM) धनबाद की स्थापना वर्ष 1926 में इंडियन स्कूल ऑफ माइंस के रूप में हुई थी और 2016 में इसे IIT का दर्जा प्राप्त हुआ था. लगभग एक सदी पुरानी विरासत के साथ यह संस्थान माइनिंग, ऊर्जा और इंजीनियरिंग के क्षेत्रों में देश और दुनिया में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है.
नवीन क्यूएस रैंकिंग के नतीजे यह स्पष्ट करते हैं कि IIT (ISM) धनबाद न केवल अपने पारंपरिक क्षेत्रों में मजबूत है, बल्कि नए विषयों में भी तेजी से अपनी पहचान स्थापित कर रहा है.


