चूरू: दुनिया भर में ख्यात और जन-जन की आस्था का केंद्र सालासर बालाजी धाम में साल भर वीआईपी और वीवीआईपी लोगों का तांता लगा रहता है. शनिवार को बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी परिवार के साथ सिद्धपीठ सालासर बालाजी धाम पहुंची और बालाजी के धोक लगाई. अभिनेत्री शिल्पा ने मंदिर में मन्नत का नारियल बांधकर सुख समृद्धि की कामना की.
मंदिर के पुजारी श्री कृष्णा, राकेश और नवीन पुजारी ने अभिनेत्री शिल्पा को पूजा अर्चना कराई. अभिनेत्री शिल्पा के सिद्ध पीठ सालासर बालाजी धाम पहुंचने की खबर फैलते ही उनके प्रशंसकों की भीड़ मंदिर परिसर के आगे जुट गई. प्रशंसक शिल्पा शेट्टी के साथ सेल्फी लेने को बेताब नजर आए. मंदिर के राकेश पुजारी ने बताया कि सिद्धपीठ सालासर बालाजी धाम की दुनिया भर में अलग मान्यता है और उसी के चलते यहां भक्तों का सैलाब उमड़ता है. बाबा के दर्शन मात्र से भक्तों के बिगड़े काम बन जाते हैं. मंदिर में हर रोज दिग्गज नेता, अभिनेता और खिलाड़ी आते हैं.
दुपट्टा पहना कर स्वागत: मंदिर के श्री कृष्णा पुजारी ने बताया कि शिल्पा शेट्टी को मंदिर में पूजा कराने के बाद पुजारी परिवार ने बाबा का दुपट्टा पहनाया व चित्र भेंट कर स्वागत किया. इससे पहले अभिनेत्री शिल्पा ने बालाजी में आस्था और श्रद्धा जताते हुए मंदिर में नारियल बांधा. अभिनेत्री शिल्पा ने कहा सिद्ध पीठ सालासर बालाजी में उनकी गहरी आस्था है. उसी के चलते अक्सर यहां मंदिर में बाबा के दर्शन को आती हैं. बाबा के दर्शन मात्र से उनकी हर मुराद पूरी होती है.


