Sunday, March 29, 2026

अब दूर हो गईं सारी अड़चनें – भारतमाला प्रोजेक्ट को फिर मिलेगी रफ्तार

Share

हजारीबाग में काशी विश्वनाथ-बाबूघाट भारत माला परियोजना को गति मिली है। भूमि अधिग्रहण की बाधाएं दूर हो गई हैं और अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी हो गया है। 20 राजस्व गांवों से गुजरने वाली इस परियोजना के लिए 733.895 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा जिसमें रैयतों को 57 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। कटकमदाग में एक स्टेशन भी बनाया जाएगा।

हजारीबाग काशी विश्वनाथ (बनारस) से बाबूघाट (कोलकाता) तक प्रस्तावित भारत माला परियोजना को हजारीबाग में अब रफ्तार मिलने जा रही है। भूमि अधिग्रहण से जुड़ी सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं और परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है।

उपायुक्त शशि प्रकाश के नेतृत्व और भू-अर्जन पदाधिकारी निर्भय कुमार की देखरेख में महज 14 माह में भू-अर्जन व मुआवजा वितरण का कार्य पूरा किया गया। जिले के 20 राजस्व गांवों से होकर गुजरने वाली इस सड़क परियोजना के लिए कुल 733.895 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी।

इसमें रैयतों की 244.55 एकड़ जमीन अधिग्रहित होनी है। इसके अलावा 484.746 एकड़ गैरमजरूआ खास भूमि और 4.599 एकड़ गैरमजरूआ जमीन का अधिग्रहण किया गया है। रैयती जमीन के लिए मुआवजे के रूप में 57 करोड़ रुपये का वितरण संबंधित रैयतों के बीच कर दिया गया है।

कटकमदाग के फतहा में बनाया जाएगा स्टेशन

यह सिक्स लेन सड़क चतरा के हंटरगंज होते हुए हजारीबाग के कटकमदाग प्रखंड अंतर्गत बेंदी गांव में प्रवेश करेगी और मांडू के चैनपुर क्षेत्र से रामगढ़ में दाखिल होगी।

जिले में कुल 48 किलोमीटर सड़क निर्माण प्रस्तावित है, जो कि मुख्य रूप से सरकारी भूमि (90 प्रतिशत वन एवं गैरमजरूआ) से होकर गुजरेगी।

जानकारी के अनुसार डोभी से प्रारंभ होकर यह सड़क को सीधा हजारीबाग में विराम मिलेगा। कटकमदाग के फतहा में स्टेशन बनाया जा रहा है।

कटकमदाग के फतहा में इसके लिए 16 एकड़ जमीन एक हीं स्थान पर अधिग्रहण किया गया है। अर्थात इस सड़क पर चलने वाले वाहन एक निश्चित दूरी तय करने के बाद हीं नीचे उतर पाएंगे।

जानकारी के अनुसार चतरा में इसके लिए कोई स्टैंड तैयार नहीं किया गया है। हजारीबाग से हीं वाहन बनारस से चलने के बाद उतर कर कोडरमा, चतरा, आदि स्थान को जाएंगे।

चतरा से रामगढ़ तक संपर्क

चतरा में यह सड़क 88 किमी. की दूरी तय करते हुए हजारीबाग में प्रवेश करेगी। हजारीबाग से रामगढ़ तक यह राज्य के औद्योगिक और यातायात नेटवर्क को सशक्त बनाएगी।

इस दौरान हजारीबाग में 48 किलोमीटर की दूरी यह सड़क तय करेगी। कटकमदाग के बेंदी से प्रारंभ होकर मांडू के चैनपुर तक हजारीबाग में यह सड़कों का निर्माण किया जाएगा।

मुआवजा पूरा बांटा गया

उपायुक्त के निर्देश और देखरेख में हमारी टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया है। भारत माला परियोजना के लिए अधिग्रहित रैयती जमीन का मुआवजा वितरण कार्य पूरा कर लिया गया है। विभाग द्वारा परियोजना को लेकर एनओसी जारी कर दिया गया है। – निर्भय कुमार, भू अर्जन पदाधिकारी, हजारीबाग

Read more

Local News