Friday, April 17, 2026

अगर आपको आसमान में ग्रहों को देखना पसंद है, तो अप्रैल का महीना आपके लिए काफी खास हो सकता है.

Share

 अगर आपको आसमान में ग्रहों को देखना पसंद है, तो अप्रैल का महीना आपके लिए काफी खास हो सकता है. इस महीने में आप सुबह होने से पहले, जब आसमान में अंधेरा होता है, तब पूर्व दिशा में चार ग्रह को एक साथ देख सकते हैं. इनमें बुध, मंगल, शनि और नेप्चयून शामिल होंगे. ये चारों ग्रह क्षितिज यानी हॉरिजॉन के काफी नीचे इकट्ठा दिखाई देंगे. हालांकि, ये पूरी तरह से एक सीधी माला की तरह नहीं लगेंगे, लेकिन फिर भी इसे इसे ‘मिनी प्लैनेट पैरेड’ कहकर पुकारा जा रहा है.

ऐसा नज़ारा सिर्फ एक दिन नहीं बल्कि कई दिनों तक देखने को मिलेगा. इसकी शुरुआत करीब 12 अप्रैल से हो चुकी है. 16 से 21 अप्रैल तक में ये बेहतर रूप में दिखेंगे. खासतौर पर 18, 19 और 20 अप्रैल को ग्रह एक-दूसरे के काफी करीब आ जाएंगे. करीब दो-तीन डिग्री के अंदर ये चारों ग्रह नज़र आ सकते हैं. 20 अप्रैल के आसपास बुध, मंगल और शनि नंगी आंखों से एक छोटी-सी लाइन में दिखाई दे सकते हैं, जबकि नेप्च्यून को देखने के लिए दूरबीन या छोटा टेलीस्कोप का इस्तेमाल करना होगा.

कैसे देखें ग्रहों का अद्भूत नज़ारा?

  • भारत में ये नजारा देखना, दुनिया के बाकी देशों की तुलना में आसान होगा. उत्तरी गोलार्ध में कई जगहों की तुलना में यहां की स्थिति थोड़ी बेहतर है, खासकर मध्य और दक्षिण भारत में.
  • सुबह सूरज निकलने से करीब 30 से 45 मिनट पहले, यानी लगभग 5 बजे से 5:45 बजे के बीच पूर्व दिशा में नजर उठाएं.
  • उसके बाद बिल्कुल साफ हॉरीज़न यानी क्षितिज वाला इलाका चुनें, जहां कोई बिल्डिंग्स, पेड़ या धुंध न हो.
  • दूरबीन से देखने वालों को खास मज़ा आएगा.

नेशनल ज्योग्राफिक के अनुसार, शनि, मंगल और बुध इतने पास होंगे कि एक ही फील्ड में आसानी से आ जाएंगे. टेलीस्कोप की मदद से नेप्च्यून भी ऊपर की तरफ दिख सकता है. मंगल का हल्का लाल रंग और शनि की स्थिर चमक आसानी से पहचानने लायक होगी, जबकि बुध क्षितिज के काफी करीब होगा, जिसके कारण उसे देखना थोड़ा ज्यादा मुश्किल होगा.

देखने के कुछ आसान टिप्स

  • 18, 19 या 20 अप्रैल को कोशिश करें. रोज थोड़ा-थोड़ा बदलाव होता है, इसलिए एक बार में नहीं तो कई दिन रोज सुबह उठकर देखने की कोशिश करें.
  • पूर्व की तरफ खुला मैदान, छत या समुद्र किनारा पर सबसे अच्छा नज़ारा देखने को मिल सकता है.
  • सूर्योदय से 45 मिनट पहले पहुंच जाएं. जैसे-जैसे रोशनी बढ़ती है, बुध जल्दी गायब हो जाता है.
  • स्टार वॉक 2 या स्काई टुनाइट जैसी फ्री ऐप्स फोन में रखें. ये बताएंगी कि कौन-सा बिंदु कौन सा ग्रह हैं.
  • नेप्च्यून देखना चाहते हैं तो अच्छी दूरबीन या टेलीस्कोप साथ ले जाएं.

Read more

Local News