रांचीः झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की बड़ी जिम्मेदारी मिली है. राष्ट्रीय स्कूली खेल संगठन (SGFI) ने वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल और बास्केटबॉल चैंपियनशिप (अंडर-18) के लिए कोचिंग कैंप चयन ट्रायल आयोजित करने की जिम्मेदारी परिषद को सौंपी है. यह ट्रायल 15 अप्रैल से रांची के हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में शुरू होगा.
इस आयोजन के तहत चयनित खिलाड़ियों को वर्ल्ड स्कूल चैंपियनशिप के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर (नेशनल कैंप) में भाग लेने का अवसर मिलेगा. जहां से अंतिम चयन के बाद वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे.
झारखंड को फिर मिला बड़ा मौका
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि झारखंड को पहले भी 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के तहत पांच खेलों की मेजबानी मिली थी, जिसे राज्य ने सफलतापूर्वक आयोजित किया. इसी का परिणाम है कि इस बार एक साथ दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों के चयन ट्रायल की जिम्मेदारी झारखंड को सौंपी गई है.
वॉलीबॉल ट्रायल का शेड्यूल
अंडर-18 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए बालक वर्ग का ट्रायल 15 और 16 अप्रैल को होगा. इसमें देशभर से कुल 76 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें अंडर-17 के 33, अंडर-19 के 30 और पूर्व अंडर-15 नेशनल कैंप के 13 खिलाड़ी शामिल हैं.
वहीं बालिका वर्ग का ट्रायल 17 और 18 अप्रैल को आयोजित होगा, जिसमें कुल 73 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी. इनमें अंडर-17 की 29, अंडर-19 की 30 और पिछले कैंप की 14 खिलाड़ी शामिल हैं.
बास्केटबॉल ट्रायल भी रांची में
वर्ल्ड स्कूल बास्केटबॉल (अंडर-18) के लिए भी चयन प्रक्रिया रांची में ही होगी. बालक वर्ग का ट्रायल 20 और 21 अप्रैल को, जबकि बालिका वर्ग का ट्रायल 22 और 23 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा. इसमें अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के कुल दर्जनों खिलाड़ी भाग लेंगे, जिन्होंने 69वीं राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया है.
झारखंड के खिलाड़ियों पर नजर
इस चयन प्रक्रिया में झारखंड के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. बास्केटबॉल में राज्य की स्नेहा और संदीप का चयन पहले ही हो चुका है, जो इस ट्रायल में भाग लेकर नेशनल कैंप में जगह बनाने की कोशिश करेंगे.
अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का मौका
वॉलीबॉल चैंपियनशिप 1 से 10 जुलाई तक चीन में, जबकि बास्केटबॉल चैंपियनशिप 13 से 22 जून तक सर्बिया में आयोजित होगी. इस ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नेशनल कैंप के लिए चुना जाएगा. जहां अंतिम चयन के बाद उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा अवसर मिलेगा.
इस आयोजन से न केवल झारखंड की खेल प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, बल्कि राज्य की खेल क्षमता भी राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी.


