Wednesday, July 29, 2026

WhatsApp Web पर अब सीधे कर सकेंगे ऑडियो-वीडियो कॉल, नए फीचर्स के साथ अनुभव होगा बेहतर.

Share

नई दिल्ली: WhatsApp ने अपने वेब वर्जन को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए कई नए फीचर्स पेश किए हैं। अब यूजर्स बिना डेस्कटॉप ऐप इंस्टॉल किए सीधे ब्राउजर के जरिए ऑडियो और वीडियो कॉल कर सकेंगे। इसके साथ ही कंपनी ने कॉल ट्रांसफर, वेटिंग रूम, क्विकएचडी और नॉइज सप्रेशन जैसे फीचर्स भी जोड़े हैं।

ब्राउजर से होगी WhatsApp कॉलिंग

अब तक WhatsApp Web पर कॉलिंग सुविधा के लिए डेस्कटॉप ऐप की जरूरत पड़ती थी। नए अपडेट के बाद यूजर्स सीधे वेब ब्राउजर से ही व्यक्तिगत और ग्रुप ऑडियो-वीडियो कॉल कर पाएंगे। यह सुविधा उन लोगों के लिए खास तौर पर उपयोगी होगी जो ऑफिस सिस्टम, साझा कंप्यूटर या ऐसे डिवाइस इस्तेमाल करते हैं जहां ऐप डाउनलोड करने की अनुमति नहीं होती।

कंपनी के अनुसार, WhatsApp Web पर की जाने वाली कॉल एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगी। यूजर्स को कॉल हिस्ट्री, पसंदीदा कॉन्टैक्ट्स और कॉल से जुड़े अन्य विकल्प भी उपलब्ध होंगे। इसके अलावा स्क्रीन शेयरिंग और रिएक्शन जैसे फीचर्स भी इस्तेमाल किए जा सकेंगे।

एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर ट्रांसफर होगी कॉल

नए कॉल ट्रांसफर फीचर की मदद से यूजर्स चल रही कॉल को बिना डिस्कनेक्ट किए दूसरे डिवाइस पर शिफ्ट कर सकेंगे। उदाहरण के तौर पर, फोन पर शुरू हुई कॉल को जरूरत पड़ने पर वेब या डेस्कटॉप पर आसानी से ट्रांसफर किया जा सकेगा।

ग्रुप कॉल में मिलेगा बेहतर कंट्रोल

WhatsApp ने वेटिंग रूम फीचर भी पेश किया है। इसके जरिए ग्रुप कॉल होस्ट यह तय कर सकेंगे कि कॉल लिंक के माध्यम से जुड़ने वाले लोगों को पहले अनुमति लेनी होगी या नहीं। इससे बड़े ग्रुप कॉल को मैनेज करना आसान होगा।

बेहतर वीडियो क्वालिटी और साफ आवाज का अनुभव

कंपनी ने क्विकएचडी फीचर भी जोड़ा है, जिससे वीडियो कॉल शुरू होने के शुरुआती समय में ही बेहतर क्वालिटी उपलब्ध हो सकेगी। वहीं, नॉइज सप्रेशन फीचर आसपास के शोर को कम करके बातचीत को ज्यादा स्पष्ट बनाएगा।

यूजर्स इस फीचर को कॉल के दौरान सेटिंग्स के जरिए अपनी जरूरत के अनुसार चालू या बंद कर सकेंगे।

धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचेगा अपडेट

WhatsApp ने बताया है कि ये सभी नए फीचर्स चरणबद्ध तरीके से जारी किए जा रहे हैं। आने वाले समय में अधिक से अधिक यूजर्स को WhatsApp Web पर कॉलिंग और नए कॉलिंग टूल्स का लाभ मिल सकेगा।

Read more

Local News