WhatsApp अपने यूज़र्स के लिए लगातार नए फीचर्स लाता रहता है ताकि चैटिंग का एक्सपीरियंस पहले से ज्यादा आसान और मजेदार बन सके. इस बार कंपनी ने आईफोन यूज़र्स के लिए एक नया फीचर पेश किया है, जिसकी मदद से चैट करते समय स्टिकर भेजना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा. व्हाट्सएप के आईओएस ऐप के नए अपडेट में ऐसा फीचर जोड़ा गया है, जो यूज़र के द्वारा टाइप किए गए इमोजी के आधार पर स्टिकर सजेस्ट करेगा.
इसका मतलब है कि अगर कोई यूज़र चैट बॉक्स में इमोजी टाइप करता है, तो उसी से जुड़े स्टिकर अपने-आप दिखाई देने लगेंगे. इससे यूज़र्स को अलग से स्टिकर कीबोर्ड खोलने या अलग-अलग स्टिकर पैक्स में स्क्रॉल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह नया फीचर व्हाट्सएप के iOS वर्जन 26.8.76 में शामिल किया गया है. मेटा के अंदर काम करने वाली यह मैसेंजिंग कंपनी अपने इस नए अपडेट को धीरे-धीरे आईफोन यूज़र्स तक पहुंचा रहा है. कंपनी के मुताबिक, आने वाले कुछ हफ्तों में यह फीचर सभी यूज़र्स के लिए उपलब्ध हो जाएगा.
इमोजी टाइप करते ही आएगा स्टिकर
इस फीचर की जानकारी सबसे पहले फीचर ट्रैकर WABetaInfo ने दी थी. उन्होंने बताया था कि व्हाट्सएप के आईओएस वर्ज़न 26.8.75 में भी यह फीचर देखा गया था. हालांकि, बाद में कंपनी ने इसे आधिकारिक तौर पर अगले अपडेट 26.8.76 के चेंजलॉग में शामिल किया. कई यूज़र्स ने ऐप अपडेट करने के बाद इस फीचर को काम करते हुए भी देखा है.

नए फीचर के तहत जब यूजर चैट में कोई इमोजी टाइप करता है, तो उसे उससे जुड़े स्टिकर स्क्रीन पर दिखाई देने लगते हैं. उदाहरण के तौर पर अगर कोई हंसने वाला इमोजी टाइप करता है, तो मजेदार रिएक्शन वाले स्टिकर दिखेंगे. वहीं, दिल वाले इमोजी टाइप करने पर प्यार या इमोशनल रिएक्शन वाले स्टिकर सामने आएंगे. यूजर इनमें से किसी भी स्टिकर पर टैप करके उसे तुरंत चैट में भेज सकता है.
व्हाट्सएप में आने वाले नए फीचर्स
अगर यूजर को और ज्यादा विकल्प देखने हैं, तो “Show more results” के ऑप्शन पर टैप करके, वो और भी स्टिकर्स के ऑप्शन्स देख सकते हैं. इसमें थर्ड पार्टी स्टिकर पैक्स भी शामिल हो सकते हैं. व्हाट्सएप हाल के दिनों में कई नए फीचर्स पर काम कर रहा है. हाल ही में कंपनी ने ग्रुप मैसेज हिस्ट्री नाम का फीचर भी पेश किया है, जिससे किसी ग्रुप में जुड़े नए मेंबर भी पुराने मैसेज को देख सकते हैं.
इसके अलावा रिपोर्ट्स के मुताबिक व्हाट्सएप भारतीय नंबर्स के लिए सिम बाइंडिंग सपोर्ट पर भी काम कर रहा है. इसके अलावा व्हाट्सएप प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान पर भी काम कर रही है, जिसका नाम WhatsApp Plus हो सकता है. इस प्रीमियम व्हाट्सएप में यूज़र्स को कुछ खास सुविधाएं मिल सकती हैं. प्रीमियम व्हाट्सएप यूज़ करने के लिए यूज़र्स को पैसे खर्च करने होंगे. हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाट्सएप का सब्सक्रिप्शन प्लान आने के बाद भी मुफ्त में चलने वाले व्हाट्सएप में वो सभी सुविधाएं मिलती रहेंगी, जो अभी तक मिलती आ रही है.


