टेस्ला (Tesla) ने भारत में अपना विस्तार और तेज करते हुए हैदराबाद के हाइटेक सिटी, मदापुर में अपना पांचवां एक्सपीरियंस सेंटर खोल दिया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मस्क की इस इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी ने इस मौके पर बताया कि 17 जून से ग्राहक इस सेंटर पर 2026 मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव और मॉडल वाई एल को करीब से देख और समझ सकेंगे.
कंपनी के मुताबिक, यहां आने वाले विजिटर्स को टेस्ला एडवाइजर्स की मौजूदगी में गाइडेड वॉकअराउंड और इमर्सिव प्रोडक्ट एक्सपीरियंस का मौका मिलेगा, जिसमें कंपनी की डिजाइन फिलॉसफी, ईवी टेक्नोलॉजी, सेफ्टी फीचर्स और परफॉर्मेंस कैपेबिलिटी से जुड़ी जानकारी दी जाएगी. हैदराबाद में खुले इस नए सेंटर के साथ अब टेस्ला के एक्सपीरियंस सेंटर नई दिल्ली, मुंबई, गुरुग्राम, बेंगलुरु और हैदराबाद समेत, भारत के कुल पांच शहरों में मौजूद हैं.
Model Y की खास बातें
नए मॉडल Y प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव में 2,138 लीटर का स्टोरेज स्पेस दिया गया है और इसमें पांच लोगों के बैठने की जगह है. इसमें पावर-फोल्डिंग सीट्स की सुविधा भी मौजूद है. यह गाड़ी सिर्फ 5.9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है. WLTP स्टैंडर्ड के मुताबिक इसकी रेंज 500 किलोमीटर तक है. इसकी कीमत 50.89 लाख रुपए रखी गई है, जिसमें 6 लाख रुपए डाउन पेमेंट देना होगा, जबकि EMI की शुरुआत 39,990 रुपए प्रति महीने से होगी. इस गाड़ी की डिलीवरी जुलाई 2026 से शुरू होने वाली है.
Model Y L की खास बातें
हैदराबाद के इस सेंटर में मॉडल वाई एल को भी शोकेस किया जाएगा, जो एक ऑल-व्हील-ड्राइव SUV है और खासतौर पर परिवारों के लिए तैयार किया गया है. इसमें तीन रो और छह सीटों का कॉन्फिगरेशन दिया गया है. इसमें हेडरूम और लेगरूम भी पहले से बेहतर किया गया है. इसकी रेंज 621 किलोमीटर तक है. यह 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार महज 5.0 सेकंड में पकड़ लेती है, जबकि कार्गो कैपेसिटी 2,539 लीटर तक की है. टेस्ला की इस गाड़ी की शुरुआती कीमत 61.99 लाख रुपए है, जिसमें 6.5 लाख रुपए डाउन पेमेंट और 49,990 रुपए प्रति महीने से EMI शुरू होती है.


