Monday, October 5, 2026

SIR के तहत 3.76 लाख से अधिक नोटिस जारी, दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया जारी.

Share

हजारीबाग: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर हजारीबाग जिले में दावे और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। सोमवार को उपायुक्त हेमंत सती ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी साझा की।

नो मैपिंग और विसंगति वाले मामलों में ऑनलाइन सुनवाई शुरू

बैठक में उपायुक्त ने बताया कि SIR के दौरान नो मैपिंग और विसंगति से जुड़े मामलों में जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी ऑनलाइन सुनवाई शुरू कर दी गई है। संबंधित मतदान केंद्रों के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर रहे हैं और उन्हें ECINet पर अपलोड किया जा रहा है।

खास बात यह है कि संबंधित मतदाताओं को सुनवाई के लिए ERO/AERO कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। BLO के माध्यम से दस्तावेज जुटाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

चार विधानसभा क्षेत्रों में 3,76,795 नोटिस

जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में SIR के तहत कुल 3,76,795 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 2,97,021 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 1,16,147 मामलों में संबंधित दस्तावेज ERO/AERO स्तर से अपलोड किए जा चुके हैं।

आंकड़ों के अनुसार अभी 2,60,648 मामले शेष हैं। इन मामलों में दस्तावेजों के संकलन और अपलोड की प्रक्रिया जारी है।

BLO के जरिए दस्तावेज जमा कराने की अपील

उपायुक्त ने ERO और AERO को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के BLO को घर-घर जाकर संबंधित मतदाताओं से जरूरी दस्तावेज प्राप्त करने के लिए निर्देशित करें। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी कहा गया कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से मतदाताओं को इस प्रक्रिया की जानकारी दें।

जिन मतदाताओं को मैपिंग या अन्य विसंगतियों के संबंध में नोटिस मिला है, वे निर्धारित दस्तावेज की प्रति संबंधित BLO को उपलब्ध करा सकते हैं।

जाति और आवासीय प्रमाण पत्र को लेकर भी निर्देश

बैठक में कार्मिक विभाग के आदेश का हवाला देते हुए सभी अंचल अधिकारियों को ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन माध्यम से भी नियमानुसार जाति और आवासीय प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया गया।

मतदाताओं की सहायता के लिए जिला और प्रखंड स्तर पर हेल्प डेस्क भी सक्रिय हैं। SIR और मतदाता सूची से संबंधित जानकारी के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News