Thursday, March 26, 2026

SBI ने झारखंड के कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों और पेंशनधारकों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है.

Share

Ranchi : नए साल की शुरुआत में देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने झारखंड के कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों और पेंशनधारकों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है.

बैंक राज्य में सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से यह विशेष सुविधा शुरू करने जा रहा है. जानकारी के अनुसार जल्द ही इसके लिए औपचारिक घोषणा और समझौता (MoU) किया जाएगा.


SBI अपने कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के तहत कर्मचारियों की सैलरी के हिसाब से अधिकतम 1.10 करोड़ तक का दुर्घटना बीमा कवर देगा. इसमें 1 करोड़ का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और डेबिट कार्ड पर मिलने वाला अतिरिक्त 10 लाख का कवर शामिल है. यह सुविधा अब कॉन्ट्रैक्ट पर काम रहे कर्मियों को भी दी जाएगी.

साथ ही इस दुर्घटना बीमा के लिए खाताधारक को कोई प्रीमियम या शुल्क नहीं देना होगा. सिर्फ SBI में सैलरी खाता होने पर यह लाभ मिलेगा. इससे राज्य सरकार पर भी किसी तरह का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा.


SBI का दावा है कि उसने पहले भी समय पर क्लेम भुगतान किया है. झारखंड पुलिस के साथ 2023 से हुए समझौते के तहत अब तक 55 परिवारों को दुर्घटना बीमा की राशि सीधे खाते में दी जा चुकी है.

इससे बैंक की विश्वसनीयता और सामाजिक जिम्मेदारी साफ दिखाई देती है. राज्य के स्थायी कर्मचारियों के लिए 17 अप्रैल 2025 को सरकार और SBI के बीच पहले ही समझौता हो चुका है.


SBI की इस योजना में परिवार के सदस्यों के लिए भी लाभ हैं

. ‘SBI रिश्ते अकाउंट’ (गोल्ड और उससे ऊपर) में परिवार के चार सदस्यों को 5-5 लाख का दुर्घटना बीमा मिलेगा.


. दुर्घटना में अभिभावक की मृत्यु होने पर बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए 8 से 10 लाख तक की मदद.


. परिवार की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए 5-5 लाख तक की सहायता का प्रावधान.

इसके अलावा पेंशन पाने वाले लोगों को 30 लाख का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और डेबिट कार्ड पर 10 लाख का अतिरिक्त कवर मिलेगा. इस तरह उन्हें कुल 40 लाख तक का सुरक्षा कवच दिया जाएगा.


साथ ही पात्र खाताधारकों को विशेष डेबिट कार्ड दिए जाएंगे, जिन पर नियमों के अनुसार Amazon Prime की वार्षिक सदस्यता भी मुफ्त मिल सकती है.

SBI की यह पहल नए साल में संविदाकर्मियों और पेंशनधारकों के लिए सुरक्षा और भरोसे का बड़ा कदम मानी जा रही है. सभी लाभ बैंक और बीमा कंपनी की शर्तों के अनुसार लागू होंगे.

Read more

Local News