रोहतक। नगर निगम के वार्ड नंबर 10 का नंबर ही नहीं, सीमाएं भी बदल गई हैं, लेकिन प्रतिद्वंद्विता नहीं बदली है। चुनाव से पहले ही निवर्तमान पार्षद राहुल देशवाल व राजेश प्रधान आमने-सामने आ गए हैं। दोनों भाजपा से टिकट मांग रहे हैं। एक जहां रिकाॅर्ड विकास कार्यों का दावा कर रहा है, दूसरा विकास नहीं होने की बात कह रहा है।
हुड्डा सरकार के कार्यकाल में 2010 में बलियाना सहित नौ गांवों को नगर निगम में शामिल किया गया था। 2013 के चुनाव में बलियाना, खेड़ी साध, पहरावर, गढ़ी सांपला व कन्हेली वार्ड आठ में शामिल रहे, जबकि 2018 में वार्ड का नंबर बदलकर 10 हो गया। अब 2025 में वार्ड का नंबर बदलकर 11 हो गया है। साथ ही पहरावर व कन्हेली गांव वार्ड से अलग हो गया हैं। वार्ड में बलियाना, खेड़ी साध, बोहर माजरा, सेक्टर 26, 26ए, 27, 27ए, 28, 30 ए को शामिल किया गया हैं। नई वार्डबंदी में वार्ड अनारक्षित रखा गया है। ऐसे में पूर्व पार्षद उपासना देवी के पति राजेश बलियाना व निवर्तमान पार्षद राहुल देशवाल फिर मैदान में आ गए हैं। हालांकि खेड़ी साध व माजरा से अभी किसी ने पत्ते नहीं खोले हैं।
वार्ड में काफी काम होना है। पांच साल में 30 करोड़ रुपये के काम नगर निगम से कराए। इसके अलावा आईएमटी में स्थापित कंपनियों से सीएसआर यानि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व वित्तीय योजना के तहत भी काम करवाए हैं। अमृत योजना की राशि को शामिल करें तो वार्ड में 150 करोड़ का विकास हुआ है। बलियाना को छोड़कर बाकी वार्ड में अमृत योजना के तहत सीवर लाइन बिछवा दी है। सात तालाबों के सुंदरीकरण का कार्य मंजूर हुआ था। उनमें पांच तालाब बलियाना गांव में हैं। उनमें चार का काम पूरा हो चुका है। गांव में कन्या विद्यालय का सुंदरीकरण कराया दिया है। खेड़ी साध की पानी की समस्या का भी समाधान हो जाएगा। 30 प्रतिशत लाइन का काम बचा हुआ है।
राहुल देशवाल, निवर्तमान पार्षद, वार्ड 10 (अब 11)….पांच साल गांव बलियाना का सरपंच रहा और काम करवाएं। 2013 से 2018 तक मेरी पत्नी उपासना निगम के वार्ड नंबर आठ से पार्षद रहीं। 2025 में निगम चुनाव लड़ने के लिए नए वार्ड 11 से भाजपा का टिकट मांगा है। जहां तक पांच साल पुराने वार्ड 10 में विकास कार्यों का सवाल है। ज्यादातर योजनाएं अधूरी पड़ी हैं। पानी की समस्या बरकरार है। तालाब के सुंदरीकरण का काम अधूरा पड़ा है।राजेश प्रधान, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि, वार्ड 10 (अब 11)



