रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में MBBS की 250 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई। इनमें राज्य कोटे की 208 सीटें हैं। प्रवेश प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे RIMS की एकेडमिक बिल्डिंग में पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
अलग-अलग तारीखों पर होगा श्रेणीवार नामांकन
RIMS में प्रवेश के लिए सामान्य और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों का नामांकन 29 और 31 अगस्त को निर्धारित किया गया है। इसके बाद 1 सितंबर को ST वर्ग के 54 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
BC-I और BC-II श्रेणी के 29 अभ्यर्थियों का नामांकन 2 सितंबर को होगा। वहीं SC और दिव्यांग श्रेणी के 21 विद्यार्थियों के लिए 3 सितंबर की तारीख तय की गई है।
RIMS के PRO सह एडमिशन कमेटी के सदस्य डॉ. शिशिर कुमार के अनुसार, सभी वर्गों के लिए प्रवेश की तारीख और समय पहले से निर्धारित कर दिए गए हैं। इसकी सूचना संस्थान की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई गई है।
आरक्षण के तहत दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच के लिए विशेष टीम की व्यवस्था की गई है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित जानकारी JCECEB को उपलब्ध कराई जाएगी।
किस तारीख को किस वर्ग का दाखिला
| तारीख | श्रेणी |
|---|---|
| 29 और 31 अगस्त | सामान्य और EWS |
| 1 सितंबर | ST |
| 2 सितंबर | BC-I और BC-II |
| 3 सितंबर | SC और दिव्यांग |
3 सितंबर से शुरू होगी MCC की दूसरे चरण की काउंसेलिंग
मेडिकल काउंसेलिंग कमेटी (MCC) ने केंद्रीय मेडिकल काउंसेलिंग के दूसरे राउंड का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। इसके तहत 3 सितंबर से रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 8 सितंबर तक चलेगी। अभ्यर्थियों को 3 से 9 सितंबर के बीच अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम चुनकर च्वाइस लॉक करनी होगी।
सीट आवंटन की प्रक्रिया 9 और 10 सितंबर को होगी। दूसरे राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 11 सितंबर को जारी किया जाएगा। जिन विद्यार्थियों को सीट मिलेगी, उन्हें 12 से 18 सितंबर के बीच संबंधित संस्थान में रिपोर्ट कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
देशभर के मेडिकल संस्थानों में मिलेगा प्रवेश
MCC की केंद्रीय काउंसेलिंग के जरिए देश के विभिन्न मेडिकल संस्थानों में MBBS, BDS और BSc Nursing पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इसमें 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा के अलावा डिम्ड विश्वविद्यालयों, केंद्रीय विश्वविद्यालयों, AIIMS और JIPMER की सीटें भी शामिल होंगी।
NEET में निर्धारित पात्रता हासिल करने वाले अभ्यर्थी केंद्रीय काउंसेलिंग में हिस्सा ले सकेंगे। वहीं, झारखंड की राज्य स्तरीय काउंसेलिंग का दूसरा चरण 7 सितंबर से शुरू होने की संभावना जताई गई है।
