रेवाड़ी। महिला थाना पुलिस ने एक युवती के साथ यौन उत्पीड़न करने और उसकी अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच के बाद पुलिस ने महेंद्रगढ़ क्षेत्र निवासी आरोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया है
जिला के एक गांव निवासी युवती ने 6 फरवरी को अपनी शिकायत में बताया था कि उसके साथ पढ़ने वाली एक युवती ने उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी से कराई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी आरोपी से जान पहचान हो गई और बाद में आरोपी ने उसके मोबाइल नंबर ले लिए। लगभग डेढ़ साल पहले वह आरोपी से मिली थी। आरोपी ने बताया कि उसकी रिकाॅर्डिंग उसके पास मौजूद है जिसे वह वायरल कर देगा। इस पर उसने अपनी सहेली को यह बात बताई जिस पर उसने कहा कि वह उसका समझौता करा देगी। इसके बाद वह उसे रेवाड़ी बस स्टैंड के पास एक होटल में ले गई जहां पर आरोपी पहले से ही मौजूद था। इसी दौरान उसकी सहेली उठकर बाहर आ गई और कहा कि तुम बातचीत कर लो। इसके बाद आरोपी ने उसके भाई के अपहरण कर मारने की धमकी देकर उसका यौन उत्पीड़न किया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद उसकी सगाई हो गई और आरोपी से संपर्क नहीं रहा। बाद में आरोपी ने उसके नाम का फेक सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर फोटो वायरल कर दिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी।


