Thursday, June 18, 2026

Redmi Turbo 5 में 7560mAh की बैटरी और बेहतर कूलिंग सिस्टम है, जो हैवी गेमर्स और लॉन्ग बैकअप चाहने वाले यूजर्स के लिए अच्छा है.

Share

अगर इस वक्त 35,000 से 45,000 रुपये की रेंज में कोई दमदार स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं तो आज यानी 16 जून के बाद से आपके पास दो फोन्स के ऑप्शन्स होंगे. इनमें से एक फोन का नाम Redmi Turbo 5 और दूसरे फोन का नाम POCO X8 Pro है. Redmi Turbo 5 को आज ही भारत में लॉन्च किया गया है और ये रेडमी की टर्बो सीरीज का भारत में पहला फोन है.

उधर, पोको एक्स8 प्रो को भारत में मार्च 2026 में लॉन्च किया गया था और ये फोन पहले दिन से ही वैल्यू फॉर मनी का दावा कर रहा है. ये दोनों फोन्स शाओमी ग्रुप के ही हैं, दोनों में एक ही चिपसेट है, और दोनों का टारगेट गेमर्स और हैवी यूजर्स हैं. लेकिन इन दोनों में फर्क भी है जो आपके फैसले को पूरी तरह बदल सकता है. आइए इन दोनों फोन्स की तुलना को विस्तार में समझते हैं.

कीमत और उपलब्धता

Redmi Turbo 5 की शुरुआती कीमत 37,999 रुपये है, जिसमें 8GB+256GB वेरिएंट मिलता है. इस फोन का दूसरा वेरिएंट 12GB+256GB वाला है, जिसकी कीमत 40,999 रुपये है. इस फोन को अमेज़न या शाओमी की आधिकारिक वेबसाइट से खरीदा जा सकता है. फोन 19 जून से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा और इस फोन पर यूज़र्स कुछ चुनिंदा बैंक कार्ड्स के जरिए 2,000 रुपये का एक्स्ट्रा डिस्काउंट भी पा सकते हैं.

POCO X8 Pro की शुरुआती कीमत 32,999 रुपये है, जो 8GB+256GB के लिए है. इस फोन का दूसरा वेरिएंट 12GB+256GB वाला है, जिसकी कीमत 35,999 रुपये है. इसके अलावा इस फोन का एक Iron Man Edition भी है, जिसकी कीमत 37,999 रुपये है. इस फोन की बिक्री फ्लिपकार्ट पर हो रही है. ऐसे में इस पोको फोन का बेस वेरिएंट रेडमी फोन के बेस वेरिएंट से 5000 रुपये सस्ता है, जो कि एक बड़ा फर्क है.

डिस्प्ले: दोनों में एक जैसा

इस दोनों फोन में 6.59 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले दी गई है. रेजोल्यूशन 1268×2756 पिक्सल्स है, रिफ्रेश रेट 120Hz है और पीक ब्राइटनेस 3500 निट्स तक जाती है. 3840Hz PWM डिमिंग की वजह से आंखों पर ज्यादा असर नहीं पड़ता.

Dolby Vision, HDR10+ सपोर्ट और Corning Gorilla Glass 7i प्रोटेक्शन दोनों में मौजूद है. रोशनी में या धूप में भी स्क्रीन साफ दिखती है. गेमिंग और वीडियो देखने के लिए दोनों बराबर हैं.

डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी

Redmi Turbo 5 की मोटाई 8.2mm और वजन 204 ग्राम है. यह Asphalt Black, Nitro Blue और Turbo White तीन रंगों में आता है. मेटल फ्रेम और ग्लास बैक की वजह से यह प्रीमियम लगता है.

POCO X8 Pro थोड़ा पतला है जिसकी मोटाई 8.4mm और वजन 201 ग्राम है. यह Black, White, Green और Iron Man Edition कलर ऑप्शन में मिलता है. पोको का पिल-शेप कैमरा मॉड्यूल और RGB लाइटिंग इसे युवाओं के बीच ज्यादा पॉपुलर बनाता है.

दोनों फोन IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटेड हैं यानी बारिश, धूल और हाई प्रेशर वाटर जेट में भी बचाव मिलेगा.

परफॉर्मेंस और प्रोसेसर

इस दोनों फोन प्रोसेसर के लिए MediaTek Dimensity 8500 Ultra चिपसेट दिए गए हैं, जो 4nm प्रोसेस पर बना है और 3.4GHz तक की क्लॉक स्पीड देता है. इनमें LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज की बदौलत ऐप्स तुरंत खुलते हैं. AnTuTu पर दोनों ही 20 लाख से ज्यादा स्कोर करते हैं. BGMI, COD Mobile, Genshin Impact जैसे हैवी गेम्स भी आराम से चलते हैं. हालांकि, आज लॉन्च हुए रेडमी टर्बो 5 के लिए कंपनी ने दावा किया है कि इसके चिपसेट ने 23 लाख से ज्यादा AuTuTu स्कोर किया है.

कूलिंग की बात करें तो Redmi Turbo 5 में 3D Ice-Loop कूलिंग सिस्टम है जिसका वेपर चेंबर 5300 वर्ग मिमी का है. इससे लंबे गेमिंग सेशन में भी फोन ज्यादा गर्म नहीं होता. POCO X8 Pro में भी कूलिंग सिस्टम अच्छा है लेकिन Turbo 5 इस मामले में थोड़ा आगे है.

दोनों 120FPS गेमिंग को सपोर्ट करते हैं और HyperOS 3 पर Android 16 के साथ आते हैं. चार साल के OS अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी पैच का वादा दोनों की तरफ से किया गया है.

बैटरी और चार्जिंग: सबसे बड़ा अंतर

यहीं पर दोनों फोन की असली लड़ाई होती है. Redmi Turbo 5 में 7,560mAh की विशाल बैटरी दी गई है. कंपनी का कहना है कि भारी इस्तेमाल में भी इस फोन की बैटरी पूरा दिन और उससे ज्यादा चलती है. इसकी बैटरी 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 27W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग भी सपोर्ट करता है. फोन के बॉक्स में 100W चार्जर मिलता है.

POCO X8 Pro में 6500mAh की बैटरी है जो निश्चित रूप से अच्छी है, लेकिन Turbo 5 के मुकाबले यह करीब 1000mAh कम है. 100W फास्ट चार्जिंग और 27W रिवर्स चार्जिंग इसमें भी है और चार्जर बॉक्स में मिलता है. रोजमर्रा के इस्तेमाल में पोको की बैटरी एक दिन आसानी से निकाल देती है, पर Turbo 5 का बैकअप एक पायदान ऊपर है.

कैमरा सेटअप

इन दोनों फोन के पिछले हिस्से पर 50MP Sony IMX882 सेंसर वाला है जो OIS यानी ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन के साथ आता है. इसके साथ 8MP अल्ट्रावाइड सेंसर है. इन दोनों फोन्स में सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 20MP का फ्रंट कैमरा है. कंपनियों के मुताबिक, दोनों ही फोन में दिन की रोशनी में दोनों ही शार्प और डिटेलड फोटो खींचते हैं.

4K 60fps वीडियो रिकॉर्डिंग भी दोनों में मौजूद है. OIS की वजह से लो लाइट में Turbo 5 थोड़ा बेहतर हो सकता है. Redmi Turbo 5 में Pixel Matrix फीचर खास है जो कैमरा मॉड्यूल पर नोटिफिकेशन और अलर्ट दिखाता है. POCO X8 Pro में भी RGB लाइटिंग नोटिफिकेशन के लिए है लेकिन दोनों का तरीका अलग है.

कनेक्टिविटी और अतिरिक्त फीचर्स

दोनों फोन में Wi-Fi 7, Bluetooth 6.0, 5G, IR ब्लास्टर, इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, Dolby Atmos और NFC जैसे फीचर्स मौजूद हैं. दोनों में ड्यूल स्टीरियो स्पीकर्स हैं और X-axis लिनियर मोटर भी दोनों में दिया गया है. सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस लगभग एकसमान है.

आखिर में कौन सा खरीदें?

अगर आप गेमिंग करते हैं, लंबा बैकअप चाहते हैं और बेहतरीन कूलिंग के साथ एक प्रीमियम एक्सपीरियंस की तलाश में हैं तो Redmi Turbo 5 बिना किसी शक के एक अच्छी चॉइस हो सकती है. इसके अलावा 7560mAh बैटरी और बेहतर थर्मल मैनेजमेंट इसे हैवी यूजर्स के लिए पहली पसंद बनाते हैं.

हालांकि, अगर आपका बजट कम है या आप थोड़ी कम कीमत में ऐसा ही फोन खरीदना चाहते हैं और रोजमर्रा के कामों जैसे सोशल मीडिया, वीडियो, गेमिंग के लिए फोन चाहिए तो POCO X8 Pro में 3,000 रुपये से 5,000 रुपये कम देकर वही प्रोसेसर, वही डिस्प्ले और लगभग वैसा ही अनुभव मिलता है. दोनों अपने-अपने दाम पर 2026 के मिड-रेंज सेगमेंट की मजबूत पसंद हैं.

Read more

Local News