रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आने वाले 19वें सीजन के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है, जो 28 मार्च से शुरू होने वाला है. 39 साल के कोहली ने लंदन के ट्रेनिंग सेंटर में ट्रेनिंग शुरू की. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में कोहली को इनडोर नेट्स में पसीना बहाते हुए देखा जा सकता है. उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में ‘IPL 2026’ लिखा.
RCB ने भी यह वीडियो शेयर किया और उसके कैप्शन में लिखा ‘रन मशीन पूरी तरह तैयार लग रही है. चलो IPL 2026 अभी से शुरू करते हैं.’ उन्होंने इस दिग्गज क्रिकेटर के लिए एक खास फोटो एडिट भी बनाया. बुधवार को इस स्टार क्रिकेटर ने अपने फ्रैंचाइजी के साथ अपने 18 साल पूरे किए और अब वह टीम के साथ अपना 19वां सीजन खेलने के लिए तैयार हैं.
पोस्ट शेयर करते हुए RCB ने लिखा, ’19 सीजन, वन टीम, वन लीजेंडरी नेम. 2008 में एक होनहार युवा खिलाड़ी से लेकर फ्रैंचाइजी के एक ऐसे आइकॉन तक, जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता. 18 साल पहले, हमने पहले आईपीएल ऑक्शन में U-19 प्लेयर ड्राफ्ट के जरिए विराट कोहली को साइन किया था. इतने सालों बाद भी, यह सफर उसी जुनून, उसी वफादारी और उसी ‘किंग’ के साथ जारी है, जो हर कदम पर सबको प्रेरित करते हैं.’
आरसीबी डिफेंडिंग चैंपियन है
2025 में RCB का IPL खिताब का सूखा खत्म करने में कोहली ने अहम भूमिका निभाई थी. पिछले सीजन में, वह टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे. उन्होंने 15 पारियों में 144.71 के स्ट्राइक रेट से 657 रन बनाए थे. आरसीबी ने फाइनल में 191 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराया था.
IPL 2026 में आरसीबी के मैच
यह फ्रेंचाइजी इस सीजन में चिन्नास्वामी स्टेडियम में पांच लीग मैच खेलेगी, जिसमें टूर्नामेंट का पहला मैच भी शामिल है. RCB रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को भी अपने दूसरे घरेलू मैदान के तौर पर इस्तेमाल करेगी, जहां वह दो लीग मैचों की मेजबानी करेगी.
विराट कोहली का आईपीएल करियर
विराट कोहली इन 18 सालों अब तक आरसीबी के लिए 282 मैच खेल चुके हैं. जिसमें उन्होंने 8 शतक और 65 अर्धशतक के साथ कुल 9085 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 133 रहा. कोहली का हाईएस्ट स्कोर नाबाद 113 रन है. उन्होंने 816 चौके और 305 छक्के भी लगाए.


