Saturday, March 28, 2026

RBI के रेपो रेट कट के बाद PNB, Indian Bank और Bank of India ने RLLR व RBLR घटाए, होम लोन EMI में राहत मिलेगी

Share

 सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने शनिवार, 6 दिसंबर को ग्राहकों को बड़ी राहत देते हुए अपनी रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) में संशोधन की घोषणा की है. बैंक ने अपनी RLLR को 8.35 फीसदी से घटाकर 8.10 फीसदी कर दिया है. इसमें बेस प्राइम लेंडिंग स्प्रेड (BSP) सहित कुल 10 बेसिस पॉइंट की कटौती शामिल है. नई दरें 6 दिसंबर 2025 से लागू हो गई हैं. बैंक ने साथ ही स्पष्ट किया कि उसकी मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लेंडिंग रेट (MCLR) और बेस रेट में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है.

PNB की इस कटौती से उन लोगों को लाभ मिलेगा जो रेपो लिंक्ड ब्याज दर पर लोन ले रहे हैं, खासकर होम लोन और अन्य लंबी अवधि के कर्ज़ लेने वालों को इससे EMI के बोझ में कमी आएगी.

Indian Bank ने भी घटाया रेपो-लिंक्ड बेंचमार्क लेंडिंग रेट
PNB के बाद इंडियन बैंक ने भी ब्याज दरों में कटौती का ऐलान किया है. RBI द्वारा रेपो रेट में कमी के बाद बैंक ने अपने रेपो-लिंक्ड बेंचमार्क लेंडिंग रेट (RLLR) को 8.20 फीसदी से घटाकर 7.95 फीसदी कर दिया है. यह नई दरें 6 दिसंबर से लागू हो गई हैं.

बैंक के अनुसार, यह संशोधन विशेष रूप से लंबी अवधि के कर्ज़ जैसे होम लोन लेने वाले ग्राहकों के लिए फायदेमंद रहेगा. ब्याज दरों में कमी आने से ग्राहकों की मासिक EMI में उल्लेखनीय राहत मिलेगी और कर्ज़ लेना आसान होगा.

Bank of India ने भी ब्याज दरों में की कटौती
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के रेपो रेट कम करने के फैसले के तुरंत बाद बैंक ऑफ इंडिया (BoI) ने भी अपने Repo-Based Lending Rate (RBLR) में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती का ऐलान किया. बैंक की नई RBLR 8.1 फीसदी कर दी गई है, जो 5 दिसंबर से लागू हो चुकी है. बैंक ने कहा कि यह कदम सीधे तौर पर RBI की रेपो रेट में कमी के बाद उठाया गया है, जिससे ग्राहकों को तत्काल राहत मिल सके.

RBI ने घटाया रेपो रेट
गौरतलब है कि 5 दिसंबर को RBI ने रेपो रेट को 25 बेसिस पॉइंट घटाकर 5.25 फीसदी कर दिया था और मौद्रिक नीति में न्यूट्रल स्टांस बनाए रखा. इससे आने वाले महीनों में और दर कटौती की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं.

शेयर बाजार में भी इसका असर दिखा. शुक्रवार को PNB का शेयर बीएसई पर ₹121.70 पर बंद हुआ, जो पिछले सत्र से ₹2.15 या 1.80 फीसदी अधिक रहा.

Read more

Local News