Ranchi News: रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह 9 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इस बार समारोह में शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए 58 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 71 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। वहीं 3,353 विद्यार्थियों को उनकी डिग्री दी जाएगी। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
पहली बार दो शिक्षाविदों को मिलेगी मानद उपाधि
रांची विश्वविद्यालय के इस दीक्षांत समारोह में पहली बार दो प्रतिष्ठित शिक्षाविदों को मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
मानद उपाधि पाने वालों में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल प्लानिंग एंड एडमिनिस्ट्रेशन (NIEPA) की कुलपति प्रोफेसर डॉ. शशिकला बंजारी और लखनऊ विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति एवं वर्तमान में IIM कोलकाता के निदेशक प्रोफेसर डॉ. आलोक राय शामिल हैं।
दोनों शिक्षाविद समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर भी मौजूद रहेंगे।
6,923 विद्यार्थी डिग्री के लिए पात्र
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक इस वर्ष कुल 6,923 विद्यार्थी डिग्री प्राप्त करने के लिए योग्य हैं। हालांकि दीक्षांत समारोह में उन्हीं विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी, जिन्होंने इसके लिए आवेदन किया है। आवेदन करने वाले छात्रों की संख्या 3,353 है।
44 छात्राओं और 14 छात्रों को मिलेगा गोल्ड मेडल
अलग-अलग संकाय और पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 71 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। ये पदक 58 विद्यार्थियों के बीच बांटे जाएंगे। कुछ विद्यार्थियों को एक से अधिक स्वर्ण पदक भी प्राप्त होंगे।
गोल्ड मेडल पाने वालों में छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में अधिक है। इस बार 44 छात्राएं और 14 छात्र स्वर्ण पदक हासिल करेंगे।
राजभवन के निर्देशों के अनुरूप हुई तैयारी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि दीक्षांत समारोह की तैयारियां राजभवन के निर्देशों के अनुसार की गई हैं। आयोजन के दौरान गैर-जरूरी खर्च को सीमित रखने और उपलब्ध संसाधनों में बेहतर व्यवस्था करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
रांची विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समारोह से जुड़ी तैयारियों और सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों व शिक्षाविदों की जानकारी साझा की।
