रांची: शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सार्वजनिक सड़कों को अतिक्रमणमुक्त करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने कार्रवाई की। वार्ड-16 के मौजा कोनका स्थित कर्बला चौक से बहुबाजार मार्ग के पास सरकारी जमीन और सड़क के किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। अभियान के दौरान करीब 14 दुकानों, गुमटियों, अवैध मीट दुकानों, शेड और अन्य अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया।
नगर निगम के अनुसार, संबंधित स्थानों पर बिना अनुमति दुकानें और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान एक जर्जर बाउंड्री वॉल को भी हटाया गया।
तीन दिन का समय देने के बाद हुई कार्रवाई
नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित लोगों को आम सूचना जारी की थी। इसमें सरकारी जमीन से तीन दिनों के भीतर अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाने पर निगम की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
समयसीमा पूरी होने के बाद निगम ने अभियान चलाकर सड़क के किनारे मौजूद अवैध कब्जों को हटाया।
सड़क किनारे बिना अनुमति दुकान लगाने पर रोक
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सक्षम प्राधिकार की अनुमति के बिना सड़क के फ्लैंक और सार्वजनिक मार्ग पर दुकानें, फल-सब्जी बाजार या अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकतीं। सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दोबारा अतिक्रमण करने पर भी होगी कार्रवाई
अभियान के दौरान संबंधित लोगों को सरकारी जमीन, सड़क के किनारे और सार्वजनिक मार्ग पर दोबारा कब्जा नहीं करने का निर्देश दिया गया। निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने और आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नगर निगम के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन कर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
BHARATSUPERFASTNEWS
