Saturday, August 8, 2026

Ranchi News: 61 नाड़ी वैद्यों समेत 70 सेवा कार्यकर्ताओं का सम्मान, रक्तदान को बढ़ावा देने का लिया संकल्प.

Share

रांची: राजधानी रांची में वर्षों से निःशुल्क चिकित्सा और सामाजिक सेवा के जरिए लोगों की मदद कर रहे 61 नाड़ी वैद्यों समेत कुल 70 सामाजिक एवं मानवीय सेवा से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया। शनिवार को मेन रोड स्थित केन होटल में ‘उस्ताद सम्मान-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन लहू बोलेगा रक्तदान संगठन, रांची और झारखंड थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, हीमोफीलिया एवं अप्लास्टिक एनीमिया पीड़ित एसोसिएशन की ओर से किया गया था।

स्वर्गीय कुर्बान उस्ताद और सिंह जी दद्दू की स्मृति में आयोजन

‘उस्ताद सम्मान-2026’ नाड़ी चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान देने वाले स्वर्गीय कुर्बान उस्ताद और सिंह जी दद्दू की स्मृति में आयोजित किया गया। सम्मानित लोगों को स्मृति चिह्न, झारखंडी अंगवस्त्र और गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में दिवंगत नाड़ी वैद्यों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। स्वर्गीय कुर्बान उस्ताद के दोनों पुत्र आजम अहमद और हाजी इस्लाम समेत कई वरिष्ठ नाड़ी वैद्यों को सम्मान प्रदान किया गया।

सुबोधकांत सहाय ने रक्तदान अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही

कार्यक्रम में भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष शमशेर आलम विशिष्ट अतिथि रहे।

सुबोधकांत सहाय ने कहा कि सम्मान पाने वाले लोगों ने अपने हुनर और सेवा भावना के जरिए लंबे समय से समाज के लिए काम किया है। उन्होंने ‘लहू बोलेगा’ संगठन की रक्तदान और मानवीय सेवा से जुड़ी गतिविधियों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद रांची के नियमित रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही रक्त की कमी को देखते हुए सामूहिक रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने की बात कही गई।

थैलेसीमिया और रक्तदान के मुद्दे पर सरकार से होगी बातचीत

शमशेर आलम ने कहा कि ‘लहू बोलेगा’ लंबे समय से मानवीय सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। उन्होंने थैलेसीमिया और रक्तदान से संबंधित समस्याओं को लेकर सरकार के साथ बातचीत करने की बात कही।

कार्यक्रम में नंदु गोप, हाजी इस्लाम, मो. चांद, एजाज अंसारी, ए. सलाम, तौहिद कुरैशी बुतरु और पॉवेल कुमार समेत कई लोगों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पांच महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

आयोजकों की ओर से कार्यक्रम के दौरान पांच प्रस्ताव भी पारित किए गए। इनमें रांची में रक्तदान को प्रोत्साहित करना और सामाजिक व जनकल्याण के क्षेत्र में काम करने वाले व्यक्तियों एवं संगठनों को बढ़ावा देना शामिल है।

इसके अलावा नाड़ी वैद्यों और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहन देने, नशामुक्ति अभियान को गति देने तथा बारिश के मौसम में पौधरोपण अभियान चलाने का संकल्प लिया गया।

इन लोगों की रही प्रमुख भूमिका

कार्यक्रम की अध्यक्षता रक्तवीर नदीम खान ने की, जबकि संचालन रक्तवीर ई. शाहनवाज अब्बास ने किया। जावेद खान ने विषय प्रवेश कराया और सागर कुमार ने प्रस्ताव प्रस्तुत किए। धन्यवाद ज्ञापन आजम अहमद ने किया।

कार्यक्रम में रांची अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष मुख्तार अहमद, आजम अहमद, नंदु गोप, सागर कुमार, पराग भूषण सहाय, डॉ. तारिक हुसैन, देवकी देवी, मोना सिंह, सोनम कुमारी, साक्षी सिंह, अकरम राशिद, मो. मोजाहिद, बुलंद अख्तर और शिक्षिका निगार सुल्ताना समेत कई लोग मौजूद रहे।

Read more

Local News