रांची: शहर के पुराने और प्रमुख बाजारों को व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल शुरू कर दी है। डेली मार्केट, न्यू मार्केट, अपर बाजार, खादगढ़ा और बकरी बाजार के लिए नए विकास प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इनमें पार्किंग, यातायात, दुकानों की व्यवस्था, साफ-सफाई और आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देने की योजना है।
मंगलवार को नगर निगम की बैठक में एनबीसीसी की ओर से विभिन्न बाजारों के प्रस्तावित लेआउट और डिजाइन का प्रस्तुतिकरण किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने की।
दुकानदारों के सुझाव भी योजना में शामिल
नगर निगम के अनुसार बाजारों के पुनर्विकास की योजना केवल नई इमारतें बनाने तक सीमित नहीं होगी। बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही, दुकानदारों की जरूरत, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर पूरा प्लान तैयार किया जा रहा है।
पहले दुकानदारों के साथ हुई बैठकों में मिले सुझावों को भी प्रस्ताव में शामिल किया गया है।
डेली मार्केट में पार्किंग और व्यावसायिक भवन का प्रस्ताव
मेन रोड स्थित एसके सहाय डेली मार्केट की लगभग 2.16 एकड़ भूमि पर आधुनिक बाजार विकसित करने का प्रस्ताव है। यहां पार्किंग सुविधा के साथ दो कमर्शियल-कम-होटल भवन बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
न्यू मार्केट में दुकान और कार्यालय परिसर
रातू रोड स्थित न्यू मार्केट की करीब 1.71 एकड़ जमीन के लिए भी नया लेआउट तैयार किया गया है। प्रस्ताव में आधुनिक दुकानों के साथ कार्यालय परिसर की व्यवस्था की बात कही गई है। डिजाइन में बाजार के भीतर लोगों की सुगम आवाजाही को भी ध्यान में रखा गया है।
खादगढ़ा में कमर्शियल-कम-होटल भवन
खादगढ़ा बस स्टैंड की लगभग एक एकड़ भूमि पर कमर्शियल-कम-होटल भवन विकसित करने का प्रस्ताव सामने आया है। माना जा रहा है कि इससे इलाके में व्यावसायिक गतिविधियों को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है।
बकरी बाजार में बनेगा आधुनिक कॉम्प्लेक्स
नगर निगम की बकरी बाजार स्थित जमीन पर आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के लिए डिजाइन तैयार किया जाएगा। प्रस्ताव में अपर बाजार क्षेत्र की नगर निगम दुकानों के मौजूदा आवंटनधारियों को प्राथमिकता देने का भी सुझाव दिया गया है।
छोटे कारोबारियों की जरूरत का भी रखा जाएगा ध्यान
नगर निगम का कहना है कि पुनर्विकास योजना में केवल बड़े व्यापारियों को ध्यान में नहीं रखा जाएगा। छोटे, मध्यम और बड़े कारोबारियों की आवश्यकताओं के मुताबिक दुकानों के आकार और स्थान पर विचार किया जा रहा है।
दुकानों में सामान रखने की जगह, ग्राहकों की आवाजाही, कारोबार संचालन और भविष्य में व्यापार के विस्तार जैसी जरूरतों को भी डिजाइन तैयार करते समय ध्यान में रखा जाएगा।
सुझावों के बाद तय होगा अंतिम प्लान
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों को प्रस्तावित डिजाइन की समीक्षा कर आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों के विकास में पार्किंग, ट्रैफिक, स्वच्छता और आम लोगों की सुविधा महत्वपूर्ण पहलू हैं।
नगर निगम के अनुसार अभी प्रस्ताव पर काम चल रहा है। दुकानदारों और अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव लेने के बाद ही अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही योजना की तकनीकी और आर्थिक व्यवहार्यता की भी जांच की जाएगी।
